मत्स्य पालकों पर योगी सरकार मेहरबान, मिलेगा 40 प्रतिशत अनुदान
- तालाब पट्टे, नाव, जाल, एरेशन सिस्टम पर मिलेगा लाभ
- 29 जून को मवाना तहसील में किया जाएगा तालाब पट्टे का आवंटन
मेरठ। प्रदेश सरकार ग्रामीण इलाकों में रोजगार को बढ़ावा देने के साथ ही मछुआरों और किसानों की आमदनी भी बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में मत्स्य विभाग की तरफ से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न योजनाएं जारी की गईं हैं। इन योजनाओं में मछुआरों के लिए 40 प्रतिशत तक की सब्सिडी (अनुदान राशि) देने का प्रावधान किया गया है। इन दिनों सभी योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिनोद कुमार के अनुसार इन दिनों मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना और सघन मत्स्य पालन के लिए एयरेशन सिस्टम की स्थापना के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जो भी ग्रामीण या मत्स्य पालक इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहते हैं, वे 28 जून 2026 तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी को प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग आवेदन फार्म भरना होगा।
तालाब पट्टाधारकों को 40 प्रतिशत अनुदान
मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत उन लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके पास ग्राम सभा के तालाब का मत्स्य पालन हेतु पट्टा हो। यह पट्टा संबंधित तहसील के एसडीएम द्वारा जारी होना चाहिए और पट्टे की अवधि में कम से कम पांच वर्ष का समय शेष होना अनिवार्य है। इसके साथ ही वह तालाब मनरेगा योजना या फिर स्वयं के संसाधनों से सुधरा हुआ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस योजना की शर्तों के अनुसार, चयन के बाद पट्टाधारक को तालाब में पहले साल निवेश के लिए 4 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से धनराशि खर्च करनी होगी। इस कुल लागत पर योगी सरकार द्वारा लाभार्थी को 40 प्रतिशत की अनुदान राशि (सब्सिडी) दी जाएगी। जिससे लाभार्थी मछली पालन के साथ ही उनके बीज को संरक्षण करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके। कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि निषाद राज वोट योजना के अंतगर्त भी मछुआरों को नाव, जाल सहित अन्य मत्स्य पालन से संबंधित उपकरण खरीदने पर भी 40 प्रतिशत का अनुदान दिया जाएगा। सब्सिडी के तहत दी जाने वाली धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। यह सिस्टम गर्मी के मौसम में मछलियों के ऑक्सीजन लेवल को संतुलित करके उनकी मृत्युदर को कम करता है। ऐसे में मछली पालकों को एरेशन सिस्टम पर भी यह सुविधा प्रदान की जाएगी।
मवाना तहसील में 29 को पट्टा आवंटन
एसडीएम मवाना के अनुसार 29 जून को अमरपुर मजरा खंद्रावली, नवलसुरजपुर, देदुपुर, खालिदपुर, भैंसा, ऐतमादपुर में मत्स्य पालन के लिए पट्टों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र में वर्तमान वित्तीय वर्ष में 4 हेक्टएयर पट्टा आवंटन का लक्ष्य रखा गया है।


No comments:
Post a Comment