बैटरी चार्जिंग गोदाम में लगी भीषण आग, 30 बैटरियां जलकर राख, लाखों का नुकसान
मेरठ। जनपद के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-3 में रॉयल मंडप के समीप एक बैटरी चार्जिंग गोदाम में शनिवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चार्जिंग के दौरान अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखी दर्जनों बैटरियां जलकर नष्ट हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोदाम से अचानक आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार उठने लगा। रिहायशी क्षेत्र और विवाह मंडप के निकट आग लगने की सूचना फैलते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोदाम में चार्जिंग के लिए रखी गई बैटरियों में शॉर्ट सर्किट अथवा ओवरलोडिंग के कारण आग लगी। आग फैलने के दौरान कई बैटरियों में विस्फोट जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक दिया।
बताया जा रहा है कि गोदाम में रखी करीब 30 बैटरियां पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं, जिससे संचालक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गोदाम में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। साथ ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास स्थित रिहायशी मकानों और अन्य प्रतिष्ठानों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता था। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।


No comments:
Post a Comment