रेस्टोरेंट में गये दंपत्ति का 2 लाख से भरा बैग उड़ाया ,पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद
मेरठ। शहर के एक प्रसिद्ध रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे दंपति के साथ चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। रेस्टोरेंट में भूलवश छूट गया दो लाख रुपये नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग कुछ ही देर में गायब हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें एक बुर्का पहने महिला और उसके साथ मौजूद एक व्यक्ति बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी दानिश अपनी पत्नी के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित इरशाद दलीम बिरयानी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। खाना खाने के दौरान महिला का बैग उनके पास ही रखा हुआ था। भोजन करने के बाद दोनों रेस्टोरेंट से घर के लिए रवाना हो गए, लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद महिला को याद आया कि उसका बैग रेस्टोरेंट में ही छूट गया है।
बैग याद आते ही दंपति तुरंत वापस रेस्टोरेंट पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर बैग अपनी जगह पर नहीं मिला। बैग की तलाश की गई, मगर कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो चौंकाने वाला दृश्य सामने आया।फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक बुर्कानशीं महिला और उसके साथ मौजूद एक व्यक्ति बैग उठाकर रेस्टोरेंट से बाहर निकल रहे हैं। पीड़ित दानिश के अनुसार बैग में करीब दो लाख रुपये नकद रखे हुए थे, जिन्हें वह बैंक से किसी जरूरी कार्य के लिए निकालकर लाए थे। इसके अलावा बैग में कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मौजूद थे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्टोरेंट के कर्मचारियों तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है।दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों और आम लोगों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला और उसके साथी की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पीड़ित परिवार ने चोरी हुए रुपये और दस्तावेज बरामद कराने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment