शादी के 2 महीने बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत

 पति समेत ससुरालियों पर दहेज हत्या का केस दर्ज 

मेरठ।  सरधना थाना क्षेत्र में शादी के दो माह बाद 23 वर्षीय विवाहिता गुलफ्शा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में पति समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानी थाना क्षेत्र के भवी गांव निवासी यूसुफ अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी गुलफ्शा का निकाह करीब दो माह पहले कालंद निवासी मुफीद से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष कम दहेज लाने का ताना देकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार देर शाम ससुराल पक्ष ने गुलफ्शा की तबीयत खराब होने की सूचना दी थी। जब मायके वाले कालंद गांव पहुंचे, तो गुलफ्शा की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि गुलफ्शा और उसकी बहन फरहा का विवाह एक साथ दो सगे भाइयों से हुआ था। उनका कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर दोनों बहनों को गर्भावस्था के दौरान जबरन गर्भपात की दवा खिलाई गई। इससे गुलफ्शा की मौत हो गई, जबकि फरहा की तबीयत भी खराब बताई जा रही है।

पुलिस ने मृतका के पति मुफीद, ससुर रब्बान, सास आशिया, ननद समेत अन्य के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद गुलफ्शा का शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।

 इन्होंने कहा - 

सरधना क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts