टी20 वर्ल्ड कप की ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम की 4 मैच में  तीसरी जीत

बांग्लादेश पर पांच विकेट से जीत दर्ज की , सेमीफाइनल के करीब इंडिया टीम 

मैनचेस्टर। आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने हार की हताशा के बाद वापसी की और बांग्लादेश को हरा दिया। मैनचेस्टर में ग्रुप स्टेज के अपने चौथे मैच में टीम इंडिया ने राधा यादव और श्री चरणी की स्पिन जोड़ी के दम पर बांग्लादेश को सिर्फ 136 पर रोक दिया। इसके बाद ओपनर शेफाली वर्मा की तूफानी अर्धशतकीय पारी के दम पर टीम इंडिया ने 17 ओवर में जीत के लिए मिला लक्ष्य हासिल करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत ने टीम इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को मजबूती दी।

ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में गुरुवार 25 जून को खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी की और दूसरे ओवर में ही उसे सफलता भी मिल गई। मगर इसके बाद टीम इंडिया ने एक ही जैसी गलती को बार-बार दोहराया। तीसरे ओवर से पांचवें ओवर के बीच भारतीय टीम ने फील्डिंग का इतना खराब नजारा पेश किया, जिसने फिर टेंशन दे दी। इन 3 ओवर के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने बांग्लादेश के 4 कैच टपकाए।

ये वही गलती थी, जो उसने पिछले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ कई बार की थी और उसे हार के रूप में गंभीर परिणाम भुगतना पड़ा थाञ इस बार भी टीम इंडिया की इन गलतियों का फायदा बांग्लादेश ने उठाया और धीमी ही सही लेकिन छोटी-छोटी साझेदारियां करके 100 रन का आंकड़ा पार किया. एक बार फिर श्री चरणी, दीप्ति शर्मा और इस मैच के लिए टीम में लौटी राधा यादव की स्पिन तिकड़ी ने बल्लेबाजों पर लगाम लगाई और 136 रन पर रोक दिया. चरणी ने 2 और राधा ने 3 विकेट झटके।फिर बल्लेबाजों की बारी आई और स्मृति मंधाना के जल्दी आउट होने के बावजूद टीम इंडिया पर कोई असर नहीं पड़ा। इसकी वजह बनीं शेफाली वर्मा, जिन्होंने आते ही बाउंड्री की बारिश शुरू कर दी और सिर्फ 29 गेंदों में अर्धशतक जमा दिया। 9वें ओवर में जब टीम का स्कोर 76 रन था, तब शेफाली 53 रन बनाकर आउट हुईं। यहां पर भारतीय पारी अचानक थोड़ी लड़खड़ाई और 98 रन तक टीम के 4 विकेट गिर चुके थे।

यहीं पर टीम इंडिया के बल्लेबाजों के बीच तालमेल की कमी भी दिखी। खास तौर पर कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रॉड्रिग्ज के बीच रनिंग को लेकर 2-3 बार कंफ्यूजन हुआ, जिसके चलते रन आउट की स्थिति बन गई। मगर बांग्लादेशी फील्डिंग ज्यादा खराब थी, जिसके चलते कोई विकेट नहीं गिरा और भारतीय टीम किसी बुरी स्थिति में फंसने से बच गई. आखिरकार 16.5 ओवर में टीम इंडिया ने लक्ष्य हासिल किया। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts