15 लाख के मोबाइल और लैपटॉप समेत शातिर चोर गिरफ्तार, 11 आईफोन बरामद

मेरठ। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मेरठ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्वाट टीम नगर और लिसाड़ी गेट थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से लाखों रुपये कीमत के मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहवेज के रूप में हुई है। उसके पास से कुल 35 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें 11 महंगे आईफोन भी शामिल हैं। इसके अलावा एक एचपी लैपटॉप और एक पिट्ठू बैग भी बरामद किया गया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ के दौरान शाहवेज ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह पांच सदस्यों के एक संगठित गिरोह का हिस्सा है। यह गिरोह मेरठ समेत आसपास के जिलों और अन्य राज्यों में राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने, लूट करने तथा रोडवेज बसों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने जैसी वारदातों को अंजाम देता था।

आरोपी ने बताया कि गिरोह में उसके अलावा शाहरुख, नदीम, शहनवाज और मुन्ना भी शामिल हैं। चोरी और लूट के बाद मोबाइल फोन गिरोह के सदस्य शहनवाज की एसआर कम्यूनिकेशन नामक दुकान पर पहुंचाते थे। वहां एचपी लैपटॉप और विशेष अनलॉक सॉफ्टवेयर की मदद से मोबाइल फोन के लॉक तोड़े जाते थे, ताकि उनकी पहचान छिपाई जा सके।पुलिस जांच में सामने आया है कि लॉक तोड़ने के बाद मोबाइल फोन बाजार में सस्ते दामों पर बेच दिए जाते थे। इससे होने वाली कमाई को गिरोह के सभी सदस्य आपस में बराबर-बराबर बांट लेते थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

मेरठ पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से मोबाइल चोरी और लूट की कई घटनाओं का खुलासा हो सकता है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि चोरी के मोबाइलों की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।इस कार्रवाई को मेरठ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि बरामद मोबाइलों में कई महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं और गिरोह लंबे समय से सक्रिय बताया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts