फल विक्रेता से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया 

मेरठ। थाना रोहटा क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर में एक फल विक्रेता द्वारा गांव के ही एक व्यक्ति पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेरठ को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

पीड़ित परवेज का आरोप है कि गांव निवासी शौकीन पुत्र युसूफ ने उससे 50 हजार रुपये की मांग की और इसके बाद हर सप्ताह 10 हजार रुपये देने का दबाव बनाया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने और काटकर हत्या करने की धमकी दी।पीड़ित के अनुसार आरोपी ने खुद को पूर्व में जेल से छूटकर आने का दावा करते हुए क्षेत्र में डर और दहशत का माहौल बनाने की कोशिश की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने पहले भी किसी अन्य व्यक्ति की हत्या का जिक्र करते हुए उसे भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

पीड़ित ने बताया कि घटना के समय उसका एक परिचित तालिब भी मौके पर मौजूद था, जिसने बाद में उसे इस तरह की धमकियों के बारे में जानकारी दी। भयभीत पीड़ित का कहना है कि उसने पहले थाना रोहटा में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसे एसएसपी कार्यालय पहुंचना पड़ा।पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उसकी व उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।फिलहाल पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts