पीरियड्स पर चुप्पी नहीं जागरुकता जरूरी
बेटियां फाउंडेशन का मासिक धर्म स्वच्छता अभियान
मेरठ। अन्तर्राष्ट्रीय मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर बेटियां फाउंडेशन द्वारा सी- ब्लॉक, शास्त्री नगर, मेरठ में मलिन बस्ती एवं झोपड़ियों में रहने वाली महिलाओं और किशोरियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता एवं सैनिटरी नैपकिन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान रखी जाने वाली आवश्यक सावधानियों, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी प्रदान करना था ताकि वे संक्रमण एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से सुरक्षित रह सकें।इस अवसर पर विशेषज्ञ कुसुम शर्मा एवं संस्था की टीम द्वारा बताया गया कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए क्या-क्या सावधानियां आवश्यक हैं, सैनिटरी नैपकिन का सही उपयोग कैसे किया जाए तथा इसके उपयोग से स्वास्थ्य को क्या लाभ मिलते हैं।
साथ ही महिलाओं एवं किशोरियों की पीरियड्स के दौरान होने वाली समस्याओं और परेशानियों को सुना गया तथा उनको समाधान और उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सुधा अरोड़ा, लक्ष्मी बिन्दल, नीरा गुप्ता, बबीता कटारिया द्वारा सैनिटरी नैपकिन वितरण भी किया गया, जिससे जरूरतमंद महिलाओं और किशोरियों को सहायता मिली
एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा से राधिका और देहरादून यूपीएस यूनिवर्सिटी से कृष्णा, वीर प्रताप इंटर्न कर रहे विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम स्वास्थ्य शिक्षा और खुली चर्चा से महिलाएं सुरक्षित और स्वच्छ जीवन शैली को अपनाने के लिए प्रेरित होती हैं संस्था की यह पहल केवल जानकारी नहीं बल्कि आत्मविश्वास और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक सशक्त कदम है l
बेटियां फाउंडेशन अध्यक्ष अंजु पाण्डेय ने कहा कि मासिक धर्म कोई शर्म का विषय नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। संस्था लगातार महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और जागरूकता के लिए कार्य कर रही है।


No comments:
Post a Comment