विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल हुए सांसद अभिषेक बनर्जी की बिगड़ी तबीयत

 एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल पहुंचे , मीडिया से बातचीत के बाद स्ट्रेचर पर लेट कर हुए दाखिल

कोलकाता। दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल हुए तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी को शनिवार शाम एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। उन्हें स्ट्रेचर पर ले जाकर मिन्टो पार्क स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी चिकित्सकीय जांच और उपचार जारी है।

पूर्व मेयर शोभन चट्टोपाध्याय ने अस्पताल के बाहर पत्रकारों से बातचीत में बताया कि अभिषेक के सिर में चोट लगी है और शरीर के विभिन्न हिस्सों में भी चोट के निशान हैं। उन्होंने कहा कि सांसद ने मतली और उल्टी जैसा महसूस होने की शिकायत भी की है। चोटों की वास्तविक स्थिति और गंभीरता के बारे में चिकित्सक ही विस्तृत जानकारी दे सकेंगे।

इससे पहले अभिषेक को ईएम बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल के आपातकालीन विभाग में ले जाया गया था। वहां उपचार के बाद उन्हें व्हीलचेयर पर बाहर लाया गया और बाद में दूसरे अस्पताल के लिए रवाना किया गया। मिन्टो पार्क स्थित अस्पताल पहुंचने पर उन्हें स्ट्रेचर पर अंदर ले जाया गया।

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अस्पताल पहुंचीं। उनके साथ अभिषेक की मां लता बनर्जी तथा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। तृणमूल सांसद डेरेक ओ'ब्रायन और शोभन चट्टोपाध्याय भी अस्पताल में मौजूद दिखे। अस्पताल से अभिषेक को दूसरे चिकित्सा केंद्र में ले जाते समय ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि पहले अस्पताल में उचित उपचार नहीं किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि ऊपर से निर्देश मिलने के कारण इलाज में बाधा उत्पन्न हुई। हालांकि संबंधित अस्पताल प्रबंधन ने इस आरोप पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है।

गौरतलब है कि सोनारपुर में एक मृत तृणमूल कार्यकर्ता के परिवार से मिलने जाते समय अभिषेक बनर्जी को विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा था। इस दौरान उन पर अंडे और जूते फेके गए तथा चोर चोर के नारे लगाए गए। कुछ लोगों ने कथित तौर पर तृणमूल महासचिव के साथ धक्का मुक्की भी की। जिसके बाद उन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts