खेल विवि में 'गुजरात राज्य स्थापना दिवस' में आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रमों का भव्य समापन”
मेरठ। राज्यपाल के मार्ग-निर्देशन एवं मेजर जनरल दीप अहलावत (से० नि०), कुलपति के कुशल पर्यवेक्षण में, विश्वविद्यालय द्वारा 'गुजरात राज्य स्थापना दिवस' के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और सांस्कृतिक गौरव से जोड़ा गया।
ऐतिहासिक विरासत का अवलोकन (25 अप्रैल,2026): प्रो. सत्यंत कुमार, डॉ. पूनम भंडारी एवं श्री सिद्धार्थ सागरे के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने मेरठ के सुप्रसिद्ध औघड़नाथ मंदिर का भ्रमण किया। यहाँ उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और मंदिर की आध्यात्मिक महत्ता को समझा।
तकनीकी एवं डेयरी भ्रमण (27 अप्रैल, 2026): शिवांश पाल एवं आसिम के निर्देशन में छात्रों ने सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय की दुग्ध डेयरी का भ्रमण कर आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण और डेयरी प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त की।
क्षय रोग उन्मूलन एवं पोषण सेवा (28 अप्रैल,2026) सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए CHC, सरधना में क्षय रोगियों को 'टीबी पोषण पोटली' का वितरण किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने रोगियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु उचित आहार के महत्व पर बल दिया।
खेल एवं मानसिक स्वास्थ्य (29 अप्रैल 2026): विश्वविद्यालय परिसर में डॉ. सोनिया राणा के निर्देशन में एक भव्य वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को खेलकूद के माध्यम से मानसिक एवं शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाना था।
प्लोगिंग एवं प्लास्टिक मुक्ति अभियान (30 अप्रैल 2026): श्री सिद्धार्थ सागरे के पर्यवेक्षण में कैली गाँव में स्वच्छता अभियान चलाया गया। छात्रों ने 'प्लोगिंग' (दौड़ते हुए कचरा उठाना) के माध्यम से सफाई करते हुए ग्रामीणों को 'सिंगल यूज प्लास्टिक' के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और उनके विकल्पों पर चर्चा की।
'पैदल यात्रा' एवं फिटनेस जागरूकता (1 मई 2026): कार्यक्रम की इसी श्रृंखला में आज दिनांक 1 मई 2026 को सुश्री श्रीजा सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में विश्वविद्यालय परिसर में एक भव्य 'पैदल यात्रा' का आयोजन किया गया। इस पैदल यात्रा का मूल उद्देश्य आम जनजीवन में 'पैदल चलने' की संस्कृति को पुनर्जीवित करना और फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाना था। मेजर जनरल दीप अहलावत (से० नि०), मा० कुलपति महोदय ने इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पैदल चलना न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण (ईंधन की बचत) की दिशा में भी एक छोटा किंतु प्रभावी कदम है।
ग्राम विकास पहल (दत्तक ग्राम योजना): विश्वविद्यालय ने अपने सलावा कैंपस के निकट स्थित कैलीगाँव को गोद लेने का निर्णय लिया है। आने वाले समय में विश्वविद्यालय इस गाँव में निरंतर सामाजिक गतिविधियाँ, उन्नत कृषि प्रशिक्षण और साक्षरता अभियान चलाकर इसे एक मॉडल ग्राम के रूप में विकसित करने हेतु प्रतिबद्ध है। अपने उद्-बोधन में मेजर जनरल दीप अहलावत (से० नि०), कुलपति ने सभी कार्यक्रमों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया और कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सेवा और स्वास्थ्य के प्रति सजगता ही एक आदर्श विद्यार्थी की पहचान है। उन्होंने इस सफल आयोजन हेतु पूरी टीम को बधाई दी। संपूर्ण कार्यक्रम में डॉ. सोनिया राणा, वरिष्ठ सहायक श्री. आसिम एवं छात्र-छात्राओ का विशेष सहयोग रहा।

No comments:
Post a Comment