घोड़ी पर बैठे दूल्हे को पड़ा मिर्गी का दौरा, दुल्हन ने किया शादी से इंकार
दुल्हन बोली- क्यों छिपाई मिर्गी की बीमारी, बैरंग लौटी बारात
बदायू । बदायू में एक ऐसा मामला सामने आया है जब शादी समारोह के दौरान दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ने के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया. काफी देर तक चली पंचायत और मान-मनौव्वल के बाद भी बात नहीं बनी, जिसके बाद खाली हाथ ही बारात लौट गई। दुल्हन के हाथ पीले होने से रह गये ।
बताया जा रहा है कि महिलाएं दूल्हे का तिलक कर रही थीं, तभी अचानक दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ गया। संतुलन बिगड़ने से वह बग्गी से नीचे गिर पड़ा और बेहोश हो गया। घटना होते ही बारात में हड़कंप मच गया। परिजन और रिश्तेदार तुरंत दूल्हे को उघैती क्षेत्र के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे होश आ गया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही दुल्हन और उसके परिजनों में चिंता बढ़ गई।
दूल्हे की तबीयत को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई। अस्पताल से लौटने के बाद दूल्हा दोबारा शादी स्थल पहुंचा, लेकिन दुल्हन पक्ष ने शादी से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि यदि दूल्हे को पहले से मिर्गी की समस्या थी तो इसकी जानकारी पहले दी जानी चाहिए थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच देर रात से लेकर बुधवार सुबह तक समझौते के प्रयास चलते रहे। रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत भी हुई, लेकिन दुल्हन पक्ष अपने फैसले पर अड़ी रही।काफी देर तक चली पंचायत और मान-मनौव्वल के बावजूद बात नहीं बन सकी और आखिरकार बरात बिना दुल्हन के लौट गई।घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. ग्रामीणों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.


No comments:
Post a Comment