अवैध हथियार सप्लाई करने जा रहे हथियार तस्कर को किया गिरफ्तार
मेरठ। मेरठ पुलिस ने अवैध हथियारों के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजनपदीय हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। ब्रह्मपुरी पुलिस ने आरोपी को उस समय दबोचा जब वह बैग में भरकर अवैध हथियार बेचने जा रहा था। उसके कब्जे से पिस्टल, तमंचे, जिंदा कारतूस, नकदी और एक बैग बरामद हुआ है। पुलिस अब इस पूरे हथियार तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने मीडिया काे जानकारी देते हुए इस गिरफ्तारी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों और अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ब्रह्मपुरी थाना पुलिस बुधवार देर रात गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बिजली बंबा बाईपास पर अवैध हथियार लेकर किसी को सप्लाई देने आने वाला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश काम्बोज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नूर नगर कट से पहले कूड़ा गोदाम के पास घेराबंदी कर आरोपी शाहिद उर्फ भूरा पुत्र यूसुफ उर्फ सूफे निवासी रशीदनगर, थाना ब्रह्मपुरी को गिरफ्तार कर लिया।तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक .32 बोर पिस्टल, दो .32 बोर तमंचे, एक 315 बोर तमंचा, सात जिंदा कारतूस, तीन हजार रुपये नकद और एक पीले-काले रंग का पिट्ठू बैग बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन हथियारों को बेचने के इरादे से ले जा रहा था।
पूछताछ में शाहिद ने बताया कि उसे ये हथियार शफीक उर्फ तांत्रिक हाफिज निवासी चमन कॉलोनी, थाना लिसाड़ी गेट से मिले थे।पुलिस ने अब फरार आरोपी शफीक की तलाश शुरू कर दी है। शफीक पर पहले से गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी और अपहरण सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस अब पूरे हथियार तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है। जांच की जा रही है कि अवैध हथियार कहां तैयार किए जाते थे और किन-किन जिलों में उनकी सप्लाई की जा रही थी।नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।


No comments:
Post a Comment