मकान में आग, दम घुटने से पिता-पुत्री की मौत
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के रोशनपुर डोरली की घटना, 10 लोग अस्पताल में भर्ती
मेरठ । पल्लप्पुरम थाना क्षेत्र के रोशनपुर डोरली में आधी रात को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक मकान में आग लगने के बाद 12 लोग फंस गए। सूचना पाकर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और किसी तरह सभी लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान एक 8 वर्षीय बच्ची व उसके पिता की मौत हो गई।
रोशनपुर डोरली के जिस मकान में आग लगी थी उसमें 12 लोग रह रहे थे। रात 2:15 बजे डायल 112 को सूचना मिली कि इस मकान में आग लगी है। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां और पल्लवपुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचते ही टीमों ने अंदर फंसे लोगों को निकलना शुरू किया।
दमकल की टीमों ने रेस्क्यू करते हुए सभी परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला जिनमें से कई बेहोश हो चुके थे। सभी को एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में लाया गया। यहां उपचार के दौरान 8 वर्षीय बच्ची शिवानी उर्फ लाली और उसके पिता सागर को मृत घोषित कर दिया गया। शेष 10 लोगों का उपचार जारी है।
जिन 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था उनमें से चार बेहोशी की हालत में थे जिनमें शिवानी और सागर की हालत गंभीर बनी थी। डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद दोनों को नहीं बचाया जा सका। डॉक्टर की माने तो उनके फेफड़ों में अधिक धुआं घुस जाने के कारण मौत हुई है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।


No comments:
Post a Comment