अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस (12 मई) पर विशेष
मरीजों की सेवा में हर पल तत्पर नर्सों के जज्बे को सैल्यूट : मुकेश शर्मा
‘हमारी नर्सें, हमारा भविष्य, सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं’ थीम पर मनेगा यह खास दिवस
मेरठ, 11 मई। पूर्ण समर्पण और नि:स्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा में हर पल तत्पर रहने वाली नर्सों को आज स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ के रूप में देखा जाता है। आपात स्थितियों या दुर्घटनाओं में घायलों को संभालना जहाँ बड़ी मुश्किल का काम होता है, वहीं वह उसे एक चुनौती के रूप में देखती हैं और सेवा में तत्पर हो जाती हैं। उस समय वह न काम के घंटे को देखती हैं और न ही भूख या प्यास। उनके इसी समर्पण और जज्बे को सैल्यूट करने के लिए हर साल 12 मई को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के रूप में मनाया जाता है।
पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इण्डिया के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर मुकेश शर्मा का कहना है कि आज का दिन यह प्रेरणा देता है कि उम्मीद और भरोसे की मिसाल बन चुकी नर्सिंग सेवा को पूर्ण सम्मान का दर्जा मिले, सुरक्षित कार्य वातावरण मिले, स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को मान्यता मिले ताकि उनके कार्यबल को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने के साथ और उन्नत बनाया जा सके। इस साल इस खास दिवस की थीम- ‘हमारी नर्सें, हमारा भविष्य, सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं’ तय की गयी है, जो यह साबित करती है कि एक बीमार को पूर्ण स्वस्थ बनाने में नर्स की कितनी बड़ी भूमिका है। आज के दिन उन नर्सों के प्रति शुक्रिया अदा करना चाहिए, जिनके अथक प्रयास से व्यक्ति को नया जीवन तक नसीब होता है। चाहे छोटे या बड़े बच्चे हों, पुरुष हों या महिलाएं, युवक हों या युवती, हर किसी के स्वास्थ्य देखभाल में इनका महत्वपूर्ण स्थान होता है।
अस्पताल पहुँचने पर सबसे पहले आगे बढ़कर स्वागत के साथ मरीज का मनोबल बढ़ाने और उम्मीद बंधाने वाली नर्स ही होती हैं, जो कि समय से दवा और भोजन का ख्याल रखती हैं। जीवन रक्षक उपकरणों के उचित प्रबन्धन के साथ ही मरीज के लिए शांत वातावरण की व्यवस्था का भी वह ध्यान रखती हैं। मरीज के पूरी तरह स्वस्थ होने की सबसे ज्यादा ख़ुशी देखभाल करने वाली उन्हीं नर्स के चेहरे पर देखी जा सकती है और वह ख़ुशी-ख़ुशी मरीज को घर के लिए विदा भी करती हैं। ऐसे में हम सभी का कर्तव्य बनता है कि उन्हें हर जरूरी सुविधाएं अस्पताल में मुहैया करायी जाएँ, जिसकी सही मायने में वह पूरी तरह से हकदार हैं। मरीजों की सेवा के अलावा वह अस्पतालों के कुशल संचालन में भी बड़ी भूमिका निभाती हैं। एक तरह से कहा जाए तो वह मरीजों, चिकित्सकों और परिवार वालों के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करती हैं । मरीजों के सारे रिकार्ड और दस्तावेज को संभालकर रखने की जिम्मेदारी निभाती हैं। साफ़-सफाई के साथ संक्रमण नियन्त्रण के हर जरूरी बिन्दुओं का भी वह ख्याल रखती हैं। किसी विषम परिस्थिति के समय वह भावनात्मक मदद के साथ सांत्वना प्रदान करने का भी कार्य करती हैं।


No comments:
Post a Comment