हापुड़ में हिस्ट्रीशीटर की चाकू मारकर हत्या
तीन लोग घेरकर फिल्मी स्टाइल में घोंपते रहे चाकूहापुड़।हापुड़ में एक प्रॉपर्टी डीलर/हिस्ट्रीशीटर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सुबह दूध लेकर लौटते समय कुछ लोगों से झगड़ा हुआ। इसके बाद तीन लोगों ने फिल्मी स्टाइल में घेरकर चाकू से गोद डाला। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
चीख-पुकार सुनकर घर वाले बाहर निकले, तबतक आरोपी मौके से भाग गए थे। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद घायल हिस्ट्रीशीटर को लेकर अस्पताल गए, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामला रामपुर रोड स्थित मोहल्ला अलीनगर का है।
पुलिस के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर पर 31 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करता था। वहीं, मृतक और आरोपी के घर एक दूसरे आमने-सामने बने हुए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को जब्त कर लिया और वीडियो के आधार पर जांच में जुटी है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में भी लिया है।
नगर के मोहल्ला अलीनगर राशिद (35) दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। वह अपनी पत्नी रुखसाना बेटे अयान, मोहम्मद, उमर और बेटी जोया के साथ हापुड़ में ही घर बनाकर रहता था। गुरुवार सुबह वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने और दूध लेने निकला था। बच्चों को स्कूल में छोड़ने के बाद वह दूध लेकर घर लौटने लगा।
राशिद के घर के सामने बने दूसरे घर में रहने वाले राशिद, इमरान, सुलेमान, सुफियान चार भाइयों से उसका किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसी दौरान राशिद, सुलेमान और सुफियान ने राशिद को घेरकर चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। राशिद की चीख-पुकार सुनकर परिवार और मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए।
लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस राशिद को लेकर अस्पताल गई, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से तीन चाकू बरामद हुए हैं। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए राशिद और सुलेमान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी सुफियान अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हत्यारोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और कहासुनी के बाद हत्या की बात सामने आ रही है। एसपी ने बताया कि मृतक के खिलाफ भी करीब 32 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह हिस्ट्रीशीटर था। इसकी हिस्ट्रीशीट नंबर 138ए खुली है। घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
राशिद की मौत की खबर मिलते ही पत्नी रुखसाना बदहवास हो गईं। बेटे अयान, मोहम्मद, उमर और बेटी जोया का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों की भीड़ अस्पताल में जुट गई। पत्नी रोते-बिलखते कह रही थी कि पति के हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। परिजन उसे संभालते दिखे।


No comments:
Post a Comment