दुल्हनियां लाने के लिए हाथी पर बारात लेकर निकला दूल्हा
राजशाही ठाठ देखकर लोग भी हो गए हैरान
75 साल बाद क्षेत्र में दोहराया गया नजारा
मेरठ। इंचौली क्षेत्र के जमालपुर गांव में एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। दूल्हा घोड़ी या कार पर चढ़कर नहीं बल्कि हाथी पर चढ़कर अपनी दुल्हनिया लेने निकला। दूल्हे ने अपने बचपन का सपना पूरा करते हुए हाथी पर सवार होकर घुड़चढ़ी की। गांव में 75 साल के बाद क्षेत्र में यह नजारा दोहराया गया। राजशाही ठाठ देकर लोग भी हैरान रह गये।
राजशाही अंदाज में जब दूल्हा हाथी पर बैठकर अपनी दुल्हन लेने निकला तो लोग देखते रह गए। दूल्हा अंकित ने अपने बचपन का सपना पूरा करते हुए हाथी पर बैठकर घुड़चढ़ी की। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में करीब 75 साल बाद हाथी पर बारात निकली है। अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हाथी पर घुड़चढ़ी की वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो हर कोई इसके बारे में जानने के लिए उत्सुक हो गया। बताया गया कि क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी अंकित पुत्र कालू की हाल ही में शादी हुई। शादी में घुड़चढ़ी और चढ़त के दौरान दूल्हा पारंपरिक घोड़ी की जगह हाथी पर सवार होकर घुड़चढ़ी करता हुआ बारात लेकर निकला। गांव और आसपास के क्षेत्रों में यह अनोखी बारात लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई।
बचपन का सपना हुआ पूरा
दूल्हे अंकित की माने तो उन्हें बचपन से ही हाथी बहुत पसंद थे। तभी से उनका सपना था कि जब उनकी शादी होगी तो वह हाथी पर बैठकर ही बारात लेकर जाएंगे। शादी के दिन उनका यह सपना आखिरकार पूरा हो गया। अंकित के दादा गोपीचंद ने बताया कि पूरे परिवार ने शादी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथी पर घुड़चढ़ी को लेकर परिवार और रिश्तेदारों में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने इस पल को खास बना दिया।
75 साल बाद दिखा ऐसा नजारा
पुराने समय में संभ्रांत लोगों द्वारा हाथी पर बरात लेकर जाने का चलन रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में करीब 75 साल बाद ऐसा नजारा देखने को मिला है, जब किसी दूल्हे ने हाथी पर सवार होकर बारात निकाली हो। इससे पहले वर्ष 1951 में दिल्ली निवासी निरंजन गुप्ता की बारात लावड़ आई थी, जिसमें दूल्हा हाथी पर चढ़कर बारात लेकर पहुंचा था।


No comments:
Post a Comment