मेरठ में आज से नौतपा, लू का अलर्ट
सुबह से ही धूप औैर तपिश,44 डिग्री पहुंचा तापमान
सड़क पर कम लोग दिखे; स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा
मेरठ। जिले में पिछले 10 दिनों से गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। आज से नौतपा शुरू हो रहा है। उससे पहले ही तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दोपहर के समय चली लू ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया।
कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया-आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है। 25 मई से शुरू हुए नौतपा के दौरान तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। अगले चार से पांच दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर होने के कारण फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।
मौसम विभाग ने लू से सावधानी की सलाह दी
सीसीएसयू की मौसम वैधशाला के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से सावधानी बरतने की सलाह दी है।
सोमवार को बाजारों और सड़कों पर सुबह सन्नाटा रहा। दोपहर में भी कम लोग ही दिखे। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले, वे चेहरे और शरीर को कपड़ों से ढंककर निकले। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोल्ड रूम की भी व्यवस्था
गर्मी में हीट स्ट्रोक के मामलों को देखते हुए, किठौर सीएचसी , जिला अस्पताल और मेडिकल अस्पताल में कोल्ड रूम भी बनाए हुए है। यहां हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों का तापमान सामान्य कर उनका इलाज किया जाता है।
सरकारी कार्यालय पर ORS कॉर्नर
सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने बताया कि गर्मी में किसी को कोई परेशानी न हो इसके लिए सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर कुछ ORS कॉर्नर बनाए गए हैं। इन कॉर्नर पर ORS पैकेट के साथ कुछ आवश्यक दवा जैसे बुखार, उल्टी, डिहाइड्रेशन की समस्या से संबंधित दवाएं रखी है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत लोगो की मदद की जा सके।
गर्मी में क्या बरते सावधानी
शरीर में पानी की कमी न होने दें, दिनभर में पर्याप्त पानी, नींबू पानी, छाछ और ORS का सेवन करें।
दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें। बाहर जाते समय छाता, टोपी या गमछे का इस्तेमाल करें।
ढीले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें ताकि शरीर ठंडा रहे और पसीना आसानी से सूख सके।
ज्यादा तला-भुना और मसालेदार भोजन कम खाएं। तरबूज, खीरा, ककड़ी और मौसमी फलों का सेवन बढ़ाएं।
चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी या कमजोरी महसूस होने पर तुरंत छांव में जाएं और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें।


No comments:
Post a Comment