स्विमिंग पूल में डूबा 7 साल का बच्चा, मौत

बच्चे की शिनाख्त में जुटी पुलिस

मेरठ। लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र में रविवार को स्विमिंग पूल में डूबने से 7 साल के मासूम बच्चे आकिल की मौत हो गई। घटना पिल्लोखड़ी पुल के पास निजी स्विमिंग पूल की है। स्विमिंग पूल कोतवाली थानाक्षेत्र के जाटव गेट के रहने वाले वासेगाजी का बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है वासेगाजी ने यह स्विमिंग पूल श्याम नगर गली नंबर-2 निवासी वसीम को ठेके पर दे रखा है। रविवार देर शाम तारापुरी आरा मशीन वाली गली निवासी युसूफ उर्फ लाल का 7 साल का बेटा आकिल खेलते हुए अचानक स्विमिंग पूल के पास पहुंच गया। जहां पूल में डूबने से आकिल की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चा काफी देर तक पानी से बाहर नहीं निकला, जिस पर ठेकेदार वसीम को शक हुआ।

वसीम ने तुरंत स्विमिंग पूल के अंदर जाकर देखा तो बच्चा पानी में डूबा हुआ मिला। यह देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बच्चे को निकालकर हापुड़ रोड स्थित मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची है मामले की जांच कर रही है। मृतक बच्चे की शिनाख्त आकिल पुत्र युसूफ उर्फ लाल के रूप में हुई है।

पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लिया

पुलिस ने स्विमिंग पूल के ठेकेदार वसीम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि स्विमिंग पूल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं यह भी जांच हो रही है। युसूफ के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी एक बेटी है, उसके बाद आकिल था इसके बाद तीसरे नंबर पर भी आकिल से छोटा एक और बेटा है। आकिल मानसिक दिव्यांग बताया जा रहा है। जो घर से बिना कुछ बताए अचानक बाहर निकल गया। बाद में उसकी मौत का समाचार परिवार को मिला है। बच्चे की मौत की सूचना से मां नरगिस, पिता युसूफ का रो रोकर बुरा हाल है।

दोपहर से ही घर से गायब था आकिल

मृतक आकिल के मौसेरे भाई सोहेले ने बताया कि हमें अचानक पता चला कि आकिल दोपहर से गुम था। गली में हमारे मास्टरजी रहते हैं उन्होंने हमें बताया कि हमारे खालू का बेटा इस तरह स्विमिंग पूल में डूबकर मर गया। हमने सोशल मीडिया पर भी आकिल की फोटो देखकर उसकी पहचान की है। अब हम सभी रिश्तेदार और मोहल्ले वाले यहां अस्पताल में पहुंचे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts