रीता हॉस्पिटल में एक दिन का 40 हजार बिल

परिजनों से बदसलूकी का आरोप, गंभीर मरीज को कराया डिस्चार्ज

मेरठ। रोहटा बाईपास स्थित रीता मल्टी स्पेशलिटी एवं ट्रॉमा सेंटर में एक मरीज के इलाज के दौरान बिलिंग और सुविधा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब एक दिन के इलाज के नाम पर लगभग चालीस हजार रुपये का बिल थमाए जाने और परिजनों के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोप लगे। घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

 शनिवार की  शाम करीब पांच बजे रोहटा थाना क्षेत्र के रोहटा गांव से पूर्व नई कॉलोनी के पास सड़क दुर्घटना में घायल रेहान निवासी रोहटा को गंभीर अवस्था में नजदीकी रीता मल्टी स्पेशलिटी एवं ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि मरीज को सिर में गंभीर चोटें थीं और उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई थी।

परिजनों के अनुसार अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के दौरान दस हजार रुपये फर्स्ट ऐड के नाम पर जमा कराए गए। इसके बाद मरीज को आईसीयू में शिफ्ट किया गया, लेकिन वहां सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए। परिजनों का आरोप है कि आईसीयू में एसी की व्यवस्था ठीक नहीं थी और केवल पंखों के सहारे मरीज का इलाज किया जा रहा था, जिससे उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने मरीज को किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने की मांग की, लेकिन स्टाफ की ओर से टालमटोल की जाती रही। परिजनों का कहना है कि सुबह छह बजे से लेकर लगभग ग्यारह बजे तक उन्हें रेफर करने को लेकर इंतजार कराया गया।इस बीच अस्पताल की ओर से करीब चालीस हजार रुपये का बिल प्रस्तुत किए जाने पर परिजनों और स्टाफ के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। आरोप है कि अस्पताल ऑनर डॉ अनुज और स्टाफ ने परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया और मरीज को रेफर करने से भी इंकार कर दिया।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मरीज की हालत गंभीर होती जा रही थी, लेकिन समय पर उसे अन्य अस्पताल नहीं भेजा गया। काफी मशक्कत और आर्थिक व्यवस्था के बाद परिजनों ने राशि जमा की, जिसके बाद मरीज को डिस्चार्ज कर अन्य अस्पताल के लिए रेफर किया गया।

घटना के बाद परिजनों ने मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेरठ डॉ अशोक कटारिया से की है। शिकायत में अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही, मनमानी बिलिंग और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सीएमओ की ओर से शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की बात कही गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts