“बसंतकालीन गन्ना बुवाई हेतु किसान कल्याण की भावना के साथ विकास कार्यों में तेजी लाते हुए कार्य करें चीनी मिलें”- राजीव राय

चीनी मिलों द्वारा बसंतकालीन गन्ना बुवाई हेतु लक्ष्य पूर्ति एवं विकास कार्यों पर किए गए व्यय की सघन समीक्षा पर बैठक में फोकस

चीनी मिलों को 10 किमी परिधि में विकास कार्यो को तीव्र गति से संचालित करने करने हेतु समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देश

“साधना सप्ताह“ के दौरान आई-गोट पोर्टल पर अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा एआई विषयक कोर्स एवं प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रगति का भी मूल्यांकन किया गया

मेरठ। बसंतकालीन गन्ना बुवाई को प्रभावी एवं लक्ष्यपरक बनाने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से शुक्रवार को  गन्ना भवन के सभागार में उप गन्ना आयुक्त, परिक्षेत्र राजीव राय की अध्यक्षता में परिक्षेत्र स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 

  बैठक का केंद्रीय विषय चीनी मिलों द्वारा बसंतकालीन गन्ना बुवाई के लक्ष्यों के सापेक्ष पूर्ति एवं विकास कार्यों पर किए गए व्यय की सघन समीक्षा पर विशेष फोकस करना रहा। बैठक में बसंतकालीन गन्ना बुवाई की तैयारियों, बीज प्रबंधन, प्रजातीय संतुलन, अनुदान योजनाओं, तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।उप गन्ना आयुक्त,ने समीक्षा बैठक के दौरान परिक्षेत्र की चीनी मिलों के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बसंतकालीन गन्ना बुवाई हेतु किसान कल्याण की भावना के साथ विकास कार्यों में तेजी लाते हुए कार्य करें। 

      समीक्षा में पाया गया कि परिक्षेत्र की चीनी मिलों द्वारा बीज आरक्षण हेतु प्राविधानित बजट रू.521.30 लाख के सापेक्ष रू.152.81 लाख बीज आरक्षण हेतु अग्रिम के रूप में परिक्षेत्र के गन्ना किसानों को अद्यतन स्थिति के अनुसार वितरित कर दिया गया है, जोकि लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 30 प्रतिशत है। इसी प्रकार बंसतकालीन गन्ना बुवाई हेतु आवंटित लक्ष्यों 1,71,716 हे. के सापेक्ष अद्यतन स्थिति के अनुसार 1,03,284 हे. में बुवाई सम्पन्न हो चुकी है, जोकि लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 61 प्रतिशत है।    

     समीक्षा बैठक में, चीनी मिलों द्वारा उनके क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की सघन समीक्षा की गई तथा निर्देश दिए गए कि मिलें अपनी 10 किलोमीटर की परिधि में विकास कार्यों को तीव्र गति से आगे बढ़ाए। बीज आरक्षण हेतु आवंटित बजट के उपयोग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि धनराशि का शीघ्र एवं पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

    बैठक में बीज आपूर्ति प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए चीनी मिलों प्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों को संयुक्त रूप से कंट्रोल रूम स्थापित कर बीज विक्रेताओं एवं किसानों के बीच समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

     गन्ना पौध उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु चीनी मिलों को अपने स्तर पर प्रयास करते हुये गन्ना पौध तैयार करने के निर्देश दिए गए, साथ ही विभाग द्वारा पंजीकृत महिला स्वयं सहायता समूहों को इस कार्य से जोड़ते हुए उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।

    किसानों को जागरूक करने हेतु भ्रमण गोष्ठियों की संख्या बढ़ाने, फील्ड आधारित संवाद को सशक्त करने तथा प्रचार-प्रसार को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए प्रचार वाहनों की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि उन्नत कृषि तकनीकों, सहफसली खेती, ट्रेंच विधि एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी अधिकाधिक किसानों तक पहुंचाई जा सके।

     बैठक में प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा भी की गई, जिसमें ई-ऑफिस प्रणाली, “साधना सप्ताह“ के दौरान आई-गोट पोर्टल पर अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा एआई विषयक कोर्स एवं प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रगति, मानव सम्पदा पर वार्षिक प्रविष्टि दर्ज करने आदि का भी मूल्यांकन किया गया।

     इस समीक्षा बैठक में जिला गन्ना अधिकारी, मेरठ ब्रजेश पटेल, जिला गन्ना अधिकारी, गाजियाबाद, प्रदीप कुमार, जिला गन्ना अधिकारी, बागपत अमर प्रताप सिंह ,सम्भागीय विख्यापन अधिकारी गौरव कुमार, अपर सांख्यिकीय अधिकारी सचिन बंसल सहित परिक्षेत्र के सभी विभागीय अधिकारी एवं चीनी मिलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts