खनन माफिया ने भाजपा के वरिष्ठ नेता को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, दस पर मुकदमा दर्ज 

  मेरठ। फलावदा थाना क्षेत्र में खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एक वरिष्ठ नेता को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। मवाना पश्चिम के मंडल महामंत्री राजकुमार सैनी ने आरोप लगाया है कि खनन माफिया और उनके गुर्गों ने उन्हें घेरकर बर्बरता से पीटा और उनकी कनपटी पर तमंचा सटाकर धमकाया। 

इतना ही नहीं, माफियाओं ने राजकुमार सैनी के मोबाइल से खनन की करतूतों की रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी और फोन भी छीन लिया। किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे राजकुमार सैनी ने तीन नामजद और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ फलावदा थाने में तहरीर दी है।

यह घटना फलावदा थाना इलाके के अमरौली गांव की बताई जा रही है। पीड़ित राजकुमार सैनी मवाना पश्चिम मंडल के महामंत्री हैं। उनका आरोप है कि उनके खेत के बराबर में आठ से ज़्यादा ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी मशीन लगाकर अवैध खनन किया जा रहा था। इससे उनकी फसलों को भारी नुकसान पहुंच रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो खनन माफियाओं और उनके साथियों ने तमंचे के बल पर उन्हें आतंकित किया और जमकर मारपीट की।

 बीजेपी नेता की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 भाजपा नेताओं में रोष

इस घटना ने क्षेत्र में खनन माफियाओं के बढ़ते आतंक को उजागर किया है। बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने इस मामले पर गहरा रोष व्यक्त किया है और प्रदेश सरकार से खनन माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह घटना प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है कि कैसे माफिया खुलेआम इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts