डिजिटल ब्लैकमेलिंग : महिला क्रिकेटर समेत तीन गिरफ्तार

अश्लील चैट का डर दिखाकर कारोबारी से ठगे 63.61 लाख
श्रीनगर (एजेंसी)।जम्मू-कश्मीर टी-20 लीग की एक महिला क्रिकेटर, उसके भाई और एक अन्य साथी ने अश्लील चैट सार्वजनिक करने का डर दिखा मुंबई के कारोबारी से 63.61 लाख रुपये ऐंठ लिए। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने तीनों को सेक्सटॉर्शन और रंगदारी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के अनुसार, क्रिकेटर फरखंदा अजीज खान (30) और उसके भाई बाजिल अजीज खान (27) को दिल्ली के एक होटल से पकड़ा गया। वहीं सहयोगी इम्तियाज वानी (22) को श्रीनगर में दबोचा गया।  फरखंदा दिल्ली-एनसीआर के अंकुर विहार में रहती है जबकि बाजिल और वानी जम्मू-कश्मीर के निवासी हैं।
मुंबई के 28 वर्षीय व्यवसायी के अनुसार उसका फरखंदा से 2024 में संपर्क हुआ था। आरोप है कि फरखंदा ने उनके साथ अश्लील बातचीत शुरू की और बाद में जरूरतों का हवाला देकर पैसों की मांग की। इन्कार करने पर आरोपियों ने उनकी निजी बातचीत को सार्वजनिक करने और जेल भिजवाने की धमकी दी।
कारोबारी ने अप्रैल 2024 से इस साल जनवरी के बीच कुल 32 बार में लगभग 23.61 लाख रुपये फरखंदा के खाते में ट्रांसफर किए। जांच में पता चला कि इस रकम का एक बड़ा हिस्सा वानी और कुछ हिस्सा फरखंदा के पिता अब्दुल अजीज खान के खाते में भी भेजा गया था।
इस साल जनवरी में आरोपियों ने चैट के स्क्रीनशॉट होने का दावा करते हुए पीड़ित से 40 लाख रुपये और वसूले। पीड़ित की शिकायत पर मुंबई के साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि कहीं इस गिरोह ने और भी लोगों को तो अपना शिकार नहीं बनाया है। जबरन वसूली गई रकम का इस्तेमाल कहां किया गया, इसका भी पता लगाया जा रहा है। हालांकि जम्मू-कश्मीर पुलिस का इस मामले में कोई बयान सामने नहीं आया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts