सीजीएचएस की सूरजकुंड डिस्पेंसरी में सीबीआई का छापा
एडिशनल डायरेक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ
निजी अस्पताल की शिकायत पर रेड की सूचना
मेरठ। सूरज कुंड स्थित सीजीएचएस की डिस्पेंसरी में गुरूवार को सीबीआई का छापा पड़ा । सीबीआई की टीम ने यहां स्थित एडिशनल डायरेक्टर हेल्थ नमीता चाैधरी को हिरासत में लिया हुआ है जिनसे पूछताछ की जा रही है। एक निजी अस्पताल की शिकायत पर यह रेड डाली गई है।
सूरजकुंड पर सीजीएचएस की डिस्पेंसरी है। इसी परिसर में एडिशनल डायरेक्टर हेल्थ का भी दफ्तर बना हुआ है। गुरुवार शाम सफेद रंग की दो गाड़ियों ने डिस्पेंसरी के मुख्य दरवाजे से डिस्पेंसरी में प्रवेश किया। अंदर पहुंचते ही गाड़ी से उतरे लोगों ने एडिशनल डायरेक्टर के दफ्तर का रुख किया और डिस्पेंसरी का मुख्य दरवाजा भी अंदर से बंद कर लिया।
सीबीआई की मौजूदगी से मची खलबली
कुछ देर तक तो डिस्पेंसरी में मौजूद लोग कुछ समझ नहीं पाए लेकिन जैसे ही टीम को एडिशनल डायरेक्टर के दफ्तर में जाते देखा, वहां खलबली मच गई। किसी को समझने में देर नहीं लगी। पता चला सीबीआई की रेड पड़ी है। इसके बाद पूरे दफ्तर को सीबीआई की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। अपर निदेशक स्वास्थ्य से पूछताछ शुरू कर दी।
अगस्त, 2025 में भी डाली गई थी रेड
महज 9 महीने के अंदर सीजीएचएस की डिस्पेंसरी में सीबीआई की यह दूसरी रेड है। 12 अगस्त 2025 की रात इसी तरह सीबीआई ने रेड डाली थी और तत्कालीन एडिशनल डायरेक्टर अजय कुमार व कार्यालय अधीक्षक लवेश सोलंकी को हिरासत में ले लिया था। उन पर भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई थी। उन पर 5 लाख रूपए की रिश्वत मांगने का आरोप लगा था।
अंदर पहुंचते ही टीम ने रोक लिया स्टाफ
सीबीआई की टीम शाम को जैसे ही डिस्पेंसरी में पहुंची वहां खलबली मच गई। इसका पता चलते ही वहां अन्य विभागों में मौजूद स्टाफ के लोग बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। तभी टीम ने उन्हें रोक लिया और सहयोग करने की अपील की। नतीजा यह हुआ की कई घंटे तक स्टाफ को डिस्पेंसरी में रोका गया। कई कर्मचारियों के परिजन तो ढूंढते हुए उन्हें डिस्पेंसरी तक पहुंच गए।
एडिशनल डायरेक्टर को लेकर निकली टीम
सीबीआई की एक टीम एडिशनल डायरेक्टर जोकि एक महिला है, उनको लेकर उनके गंगानगर स्थित आवास के लिए रवाना हुई है। पिछली कार्रवाई के दौरान भी सीबीआई ने इसी तरह का एक्शन किया था और तत्कालीन एडिशनल डायरेक्टर के घर को भी खंगाला था। माना जा रहा है कि इस बार भी टीम महिला अफसर को लेकर उनके घर ही निकली है।


No comments:
Post a Comment