मखदुमपुर गंगा हादसा

 तीसरे दिन बरामद हुआ चौथे युवक का शव

 सर्च अभियान पूरा, शोक में डूबा गांव

मेरठ। मेरठ जनपद के हस्तिनापुर क्षेत्र स्थित मखदुमपुर गंगा घाट पर हुए दर्दनाक हादसे का सोमवार को दुखद अंत हो गया। गंगा में डूबे चार युवकों में से लापता चल रहे चौथे युवक प्रियांशु का शव भी तीसरे दिन सर्च ऑपरेशन के दौरान बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही पिछले तीन दिनों से गंगा में चल रहा रेस्क्यू अभियान समाप्त कर दिया गया।

शुक्रवार को मखदुमपुर गंगा घाट पर अपने परिवार के साथ दादी के अंतिम संस्कार में आए कुछ युवक गंगा किनारे गए थे। इसी दौरान गंगा के तेज बहाव में चार युवक बह गए और डूब गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी गई।

हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने गोताखोरों की मदद से गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शनिवार को ही तीन युवकों के शव बरामद कर लिए गए थे, जबकि चौथे युवक प्रियांशु की तलाश लगातार जारी थी।

सोमवार को तीसरे दिन चलाए गए सर्च अभियान के दौरान रेस्क्यू टीम और गोताखोरों को सफलता मिली और प्रियांशु का शव भी गंगा नदी से बाहर निकाल लिया गया। शव मिलने की खबर मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पिछले चार दिनों से परिवार के लोग गंगा किनारे बेटे के मिलने की उम्मीद में डटे हुए थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चारों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया है।

इस हृदय विदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। एक साथ चार युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts