सुभारती विवि के लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस विभाग में अनुभव, संवाद और नवाचार का संगम”
मेरठः स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस डिपार्टमेंट में एलुमनाई मीट का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व-छात्रों को एक मंच पर लाकर उनके अनुभवों, सुझावों एवं वर्तमान व्यावसायिक उपलब्धियों को साझा करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर संकायाध्यक्ष, कला एवं सामाजिक विज्ञान, डॉ. सुधीर त्यागी ने सभी एलुमनाई का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का यह विभाग अपनी स्थापना काल से ही आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, जिससे विद्यार्थी भविष्य के सूचना पेशेवर के रूप में विकसित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एलुमनाई किसी भी संस्थान की वास्तविक पहचान होते हैं और उनके अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि “एलुमनाई मीट केवल पुनर्मिलन का अवसर नहीं, बल्कि विचारों के आदान-प्रदान, नेटवर्किंग और भविष्य की संभावनाओं को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण मंच है। यह कार्यक्रम वर्तमान और पूर्व विद्यार्थियों के बीच मजबूत संबंध स्थापित कर उन्हें नई दिशा प्रदान करता है।”
कार्यक्रम में एलुमनाई प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि विभाग द्वारा प्रदान की गई शिक्षा, व्यवहारिक प्रशिक्षण एवं तकनीकी दक्षता ने उन्हें अपने करियर में सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने वर्तमान विद्यार्थियों को लाइब्रेरी ऑटोमेशन, डिजिटल लाइब्रेरी और सूचना प्रबंधन के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों के माध्यम से संवाद, नेटवर्किंग एवं करियर काउंसलिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान वर्तमान विद्यार्थियों ने पूर्व विद्यार्थियों से अनेक प्रश्न पूछे और उनके द्वारा प्रदान की गई जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक फोटो एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया। अंत में डॉ. सपना शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा भविष्य में ऐसे आयोजनों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर विभाग के सभी शिक्षकगण—डॉ. जावेद खान, डॉ. सपना शर्मा, डॉ. अल्पना एवं शोधार्थी भावना, पुरातन विद्यार्थी, वर्तमान विद्यार्थी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।

No comments:
Post a Comment