शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट सीलिंग प्रकरण 

 सीलिंग के दौरान  साहिल प्लाजा के मालिक और व्यापारी किशोर वाधवा के बीच मारपीट

मेरठ। शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आवास विकास परिषद द्वारा की जा रही सीलिंग की कार्रवाई के दौरान माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। परिषद की टीम प्रतिष्ठानों को सील करने पहुंची, तो व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने टीम का घेराव कर लिया और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान व्यापारियों के बीच मारपीट की घटना भी हुई, जिसने स्थिति को और बिगाड़ दिया।

आवास विकास परिषद की टीम द्वारा साहिल प्लाजा को सील करने की कार्रवाई के विरोध में व्यापारी नेता जीतू नागपाल, संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता और नीरज मित्तल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर मौजूद थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान, 660/6 साहिल प्लाजा के मालिक महिपाल और उनके बेटे अधिवक्ता राहुल मालिक तथा व्यापारी किशोर वाधवा के बीच मारपीट हो गई। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया और थाने भिजवाया। सीओ ने कानून व्यवस्था बिगड़ने पर मौजूद व्यापारियों को फटकार भी लगाई।





हार्ट अटैक की घटना से अफरा-तफरी

इसी बीच, धरने पर बैठे कपड़ा व्यापारी अशोक गिरधर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें हार्ट अटैक आने की बात फैलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। व्यापारी के बेहोश होने पर आवास विकास परिषद की टीम ने सीलिंग की कार्रवाई को करीब एक घंटे के लिए रोक दिया। स्थिति सामान्य होने के बाद कार्रवाई फिर से शुरू की गई। इस दौरान कई व्यापारी जमीन पर बैठकर राम-नाम जपते हुए कार्रवाई के खिलाफ अपना विरोध जताते रहे।

 सील लगाने  के साथ 44 भूखंडों में चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के काटे कनेक्शन 

  बुधवार को सेंट्रल मार्केट में  सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 44 भूखंडों को सीज करने के साथ बिजली  विभाग की टीम को लगाया गया। टीम में एसडीओ राजीव कुमार पासवान व  विभाग के जेई को लगाया गया। निर्माण खंड तीन में सीलिंग के सात टीम को लगाया गया। जिसमें अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता समेत अन्य कर्मचारियों को लगाया गया। आवास विकास की सीलिंग की मॉनिटरिंग डिप्टी कमिश्नर अनिल कुमार व अधिशासी अभियंता राहुल यादव ने की। जिस भूखंड पर सीलिंग की कार्रवाई की गयी। वहां के बिजली के कनेक्शन काट दिए गये। 

  कनेक्शन काटने पहुंची टीम को घेरा 

   आवास विकास के पास गुरुद्वारा रोड पर डॉ अशोक गर्ग के गर्ग हॉस्पिटल पर बिजली विभाग की टीम बिजली का कनेक्शन काटने के लिए पहुंची तो डा अशोक गर्ग अन्य व्यापारियों ने विरोध करना आरंभ कर दिया। इस बीच एसडीओ ने डा अशोक गर्ग को सुप्रीम कोर्ट का आदेश दिखाई लेकिन वह सुनने के लिए तैयार नहीं थे। इस बीच विरोध की वीडियो बनाते हुए पुलिसकर्मियों ने डा गर्ग से कहा आप वीडियो में आ गये है। विरोध करने का प्रयास किया तो आपके खिलाफ मुकदमा  दर्ज हो सकता है। इस पर डा गर्ग ने बिजली अधिकारियों से बिजली का कनेक्शन काटने को कहा। जिस पर एसडीओ राजीव कुमार पासवान ने लाइन मैन को बिजली का कनेक्शन काटने के लिए निर्देश दिए। एसडीओ ने बताया अस्पताल में कमर्शियल बिजली का कनेक्शन था 

 इन पर हुई कार्रवाई 

 बुधवार को जिन 44 भूखंडों की सील कर कार्रवाई की गयी है। उसमें दो विवाह मंडप ,5 अस्पताल , तीन बैंक 5 स्कूल समेत अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल है। सीलिंग कार्रवाई में एक अंग्रेजी शराब की दुकान भी शामिल है। 

 बैंकों में शाम के समय की गयी सीलिंग कार्रवाई 

 सेक्टर दो में पंजाब नेशनल बैंक,सेक्टर 7 में आईडीबीआई व फेड बैंक पर सीलिंग की कार्रवाई  की गयी। लेकिन बैंक अधिकारियों ने बैंक के अंदर रखे लॉकर को लेकर बुधवार की शाम का समय मांगा । इस दौरान लॉकर को बैंक अधिकारियों की देखरेख में शिफ्टिंग अन्य बैंकों में किया गया। 

सील हुए पांच स्कूलों को केस लड़ेंगे सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेगड़े 

  बुधवार को कोर्ट के आदेश पर 44 भूखंडों पर हुई सीलिंग कार्रवाई में पांच स्कूल भी शामिल है। जिसमें एमपीजीएस, अमेरिकन किड्स स्कूल , डीआरएस पब्लिक स्कूल, मार्डन मास्टर्स ट्रस्ट  व हैप्पी आवर्स स्कूल शामिल है। सीलिंग की कार्रवाई के बाद  ऑल इंडिया लीडर्स एसोसिएशन अपने स्कूलों को बचाने के लिए  सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेगड़े काे हायर किया है। सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता ने आवेदन करते हुए पांचों स्कूलों को पक्षकार बनाया है। गुरुवार  को वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेगड़े , अधिवक्ता शिवांग अग्रवाल व अमित द्विवेदी भी अपना पक्ष गुरुवार को होने वाली सुनवाई के दौरान रखेंगे 

 एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कवलजीत सिंह ने बताया एसोसिएशन ने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय हेंगडे को हायर किया है। उनका साथ देने के लिए अधिवक्ता  शिवांग अग्रवाल व अमित द्विवेदी को लगाया गया है। जो स्कूलो का पक्ष कोर्ट में रखेंगे । 





No comments:

Post a Comment

Popular Posts