दिल्ली रोड पर पुलिसकर्मियों ने निगम चालक को पीटा
आरोपी पुलिसकर्मी कार छोड़कर फरार; गिरफ्तारी की मांग
मेरठ। दिल्ली रोड स्थित मुकुट महल होटल के पास सर्विस रोड पर शुक्रवार को एक विवाद ने तूल पकड़ लिया। यहां कार सवार दो पुलिसकर्मियों पर नगर निगम के एक चालक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
नगर निगम चालक अनुज अपने काम से कहीं जा रहा था। इसी दौरान कार में सवार दो पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने अनुज के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मारपीट की घटना के विरोध में सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि मारपीट करने वाले दोनों पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे और उन्होंने बिना वजह चालक के साथ अभद्रता की।
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी पुलिसकर्मी अपनी कार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इससे कर्मचारियों में और नाराजगी बढ़ गई।मौके पर छोड़ी गई कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। माना जा रहा है कि वाहन के जरिए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद मिल सकती है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
कर्मचारियों ने की कार्रवाई की मांग
नगर निगम कर्मचारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
इस संबंध में ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश कांबोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं की जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


No comments:
Post a Comment