टीबी मरीजों को वितरित किया प्रोटीन आहार
मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने एचडीएफसी बैंक संग मिलकर दिखाई संवेदनशीलता
मेरठ: प्रधानमंत्री क्षय रोगमुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरधना, मेरठ में, मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय द्वारा क्षय रोग (टीबी) मरीजों के लिए प्रोटीन डाइट वितरण कार्यक्रम का आयोजन एचडीएफसी बैंक के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत (सेवानिवृत्त) ने की। इस अवसर पर कुलसचिव सुनील कुमार झा, एचडीएफसी बैंक के ब्रांच मैनेजर अमित त्यागी, जीआईबी हेड जय सिंह भदोरिया तथा विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत (सेवानिवृत्त) ने क्षय रोग से प्रभावित रूपा, सारिका, शहनाज, सन्नी, शर्मा सहित अन्य मरीजों को प्रोटीन युक्त आहार वितरित किया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने स्वास्थ्य के महत्व पर विशेष जोर देते हुए मरीजों को समय से दवाई लेने, स्वच्छ वातावरण में रहने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा उचित खानपान अपनाने की सलाह दी।
कुलपति महोदय जी ने कहा कि प्रधानमंत्री क्षय रोग मुक्त भारत अभियान के तहत विश्वविद्यालय द्वारा 25 क्षय रोग मरीजों को गोद लिया गया है। इन सभी मरीजों को प्रत्येक माह नियमित रूप से प्रोटीन युक्त आहार उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मरीजों को बेहतर पोषण प्रदान कर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाना है।
इस अभियान में इस बार एचडीएफसी बैंक द्वारा भी सहयोग प्रदान किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और हर माह गोद लिए गए मरीजों को प्रोटीन युक्त आहार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे क्षय रोग मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायता मिल सके।
इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित कराने में सरधना सीएचसी प्रभारी हितेन प्रताप का विशेष सहयोग रहा।


No comments:
Post a Comment