मेडा  की नई टाउनशिप योजना को रफ्तार

150 हेक्टेयर जमीन पर विकसित होगी आधुनिक टाउनशिप

 किसानों को बाजार दर से चार गुना मुआवजा

मेरठ। जनपद में शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने अपनी महत्वाकांक्षी टाउनशिप योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। मोदीपुरम क्षेत्र में प्रस्तावित इस परियोजना के तहत अब तक लगभग 150 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है। इससे लंबे समय से लंबित इस योजना को अब गति मिलने लगी है।

एमडीए की इस टाउनशिप का कुल प्रस्तावित क्षेत्रफल करीब 259 हेक्टेयर है। अधिकारियों के अनुसार, शेष लगभग 99 हेक्टेयर जमीन का बैनामा भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है। जमीन अधिग्रहण का बड़ा हिस्सा पूरा हो जाने के बाद अब प्राधिकरण निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

स्वीकृति के लिए फाइलें कमिश्नर के पास

प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि खरीदी गई जमीन से संबंधित सभी जरूरी फाइलें मंडलायुक्त के पास स्वीकृति के लिए भेज दी गई हैं। स्वीकृति मिलते ही जमीन पर कब्जा लेकर टाउनशिप के पहले चरण में प्लॉटिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इससे परियोजना धरातल पर उतरने लगेगी।

शिलान्यास के बाद अब मिली रफ्तार

गौरतलब है कि इस परियोजना का शिलान्यास पिछले वर्ष अगस्त में योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया था। हालांकि शुरुआती दौर में जमीन अधिग्रहण को लेकर कई समस्याएं सामने आई थीं, जिससे कार्य धीमी गति से चल रहा था। अब परिस्थितियां अनुकूल होने लगी हैं और परियोजना को नई गति मिल रही है।

किसानों को आकर्षक मुआवजा

एमडीए द्वारा किसानों को बाजार दर से करीब चार गुना अधिक मुआवजा दिया जा रहा है, जिससे किसान संतुष्ट नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि अब किसान भी स्वेच्छा से जमीन देने के लिए आगे आ रहे हैं और अधिग्रहण प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं। इससे प्राधिकरण को जमीन उपलब्ध कराने में आसानी हो रही है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी टाउनशिप

इस टाउनशिप में आवासीय, व्यावसायिक और संस्थागत सुविधाओं का समावेश किया जाएगा। योजना के तहत ग्रुप हाउसिंग, स्कूल, अस्पताल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विभिन्न आय वर्गों-उच्च, मध्यम, निम्न और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS)-के लिए अलग-अलग श्रेणी के प्लॉट और आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ इसे विकसित किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र भविष्य में मेरठ का प्रमुख रिहायशी और व्यावसायिक केंद्र बन सके।

रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे

नई टाउनशिप के प्रभारी मनोज सिंह के अनुसार, जमीन अधिग्रहण का कार्य तेजी से जारी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल शहर के विकास को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts