सर्राफा कारोबारी से दिनदहाड़े 4.5 लाख का सामान लूटा
बाइक सवार बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर दिया घटना को अंजाम
मेरठ। थाना भावनपुर क्षेत्र की हसनपुर चौकी के पास दिनदहाड़े एक सर्राफा कारोबारी से लाखों रुपये की लूट हो गई। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर कारोबारी का बैग छीन लिया, जिसमें लगभग 4.5 लाख रुपये का सोना और चांदी था। यह घटना गढ़ रोड पर हसनपुर चौकी के पास हुई।
ब्रह्मपुरी के मास्टर कॉलोनी निवासी गौरव वर्मा (पुत्र राम गोपाल वर्मा) ने भावनपुर थाने में इस संबंध में तहरीर दी है। गौरव ने बताया कि वह अपनी दुकान हसनपुर जा रहे थे। वह सर्राफा बाजार से पायल ठीक करवाकर अपने बैग में रखकर गढ़ रोड पर अपनी बाइक से जा रहे थे।घटना हसनपुर चौकी से लगभग 200 कदम की दूरी पर स्थित अंकुर गार्डन रिसोर्ट के पास हुई। गौरव के अनुसार, पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने उनकी बाइक को टक्कर मारी, जिससे वह नीचे गिर गए। बदमाशों ने हेलमेट पहन रखे थे और वे R15 बाइक पर सवार थे।
जब गौरव नीचे गिरे, तो बदमाशों ने उनके सिर पर पिस्तौल लगा दी और उनका बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बैग में लगभग 4 ग्राम की चार, 3 ग्राम की दो और 2 ग्राम की पांच-छह सोने की लॉन्ग थीं। इसके अतिरिक्त, 150 ग्राम की तीन जोड़ी पायल और 100 ग्राम चांदी भी थी। गौरव के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 4,50,000 रुपये थी।
गौरव ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। भावनपुर थाना प्रभारी जोगिंदर ने बताया कि कारोबारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और बदमाशों को पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।


No comments:
Post a Comment