ईरान-अमेरिका महायुद्ध में  24 घंटे में 2 अमेरिकी जेट्स ढेर

 रेस्क्यू में जुटे 2 ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टरों पर भी हमला

 एक पायलट सुरक्षित, दूसरे की तलाश में छिड़ा 'सर्च ऑपरेशन'

तेहरान/वाशिंगटन। खाड़ी क्षेत्र में युद्ध की लपटें अब बेकाबू होती दिख रही हैं। ईरान ने दावा किया है कि उसने पिछले 24 घंटों के भीतर अमेरिकी वायुसेना के दो शक्तिशाली लड़ाकू विमानों को मार गिराया है। इस सैन्य कार्रवाई के बाद जहाँ अमेरिका अपने लापता पायलट को बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहा है, वहीं ईरान ने अमेरिकी पायलट को जिंदा पकड़ने वाले नागरिक के लिए भारी-भरकम इनाम की घोषणा कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस स्थिति पर दो टूक शब्दों में कहा है कि "हम युद्ध में हैं," जो इस टकराव के और लंबा खिंचने का संकेत है।

: ईरान ने पहले F-35 गिराने का दावा किया था, लेकिन ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार वह F-15E फाइटर जेट था। इसके अलावा एक A-10 अटैक एयरक्राफ्ट भी हमले की चपेट में आया। A-10 का पायलट कुवैत के हवाई क्षेत्र में इजेक्ट करने में सफल रहा और सुरक्षित है, लेकिन विमान क्रैश हो गया। वहीं, F-15E के एक पायलट को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश अभी जारी है।

रेस्क्यू पर हमला और 'ईनामी' घोषणा

लापता पायलट की तलाश में जुटे दो अमेरिकी ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टरों पर भी ईरान ने हमला किया, हालांकि इनमें सवार सैनिक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।ईरान के सरकारी मीडिया (IRIB) ने घोषणा की है कि जो कोई भी अमेरिकी पायलट को जिंदा पकड़कर सेना को सौंपेगा, उसे 10 बिलियन ईरानी तोमान (करीब 55 लाख रुपए) का इनाम दिया जाएगा।

डोनाल्ड ट्रंप का बयान: "वार्ता पर असर नहीं"

इस भीषण तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनबीसी (NBC) को दिए इंटरव्यू में अपना रुख साफ किया। ट्रंप ने सीधे शब्दों में स्वीकार किया कि दोनों देश युद्ध की स्थिति में हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि विमान गिराए जाने की इन घटनाओं का ईरान के साथ चल रही किसी भी संभावित बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

ईरान में 'पायलट हंट' जारी

ईरान के कोगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत में स्थानीय नागरिकों और कबीलों को अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे छिपे हुए अमेरिकी पायलटों का पता लगाने में सुरक्षा बलों की मदद करें।इस घटनाक्रम ने मध्य पूर्व में पूर्ण युद्ध की आशंका को और प्रबल कर दिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय में भारी चिंता व्याप्त है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts