छेड़छाड़ की शिकायत करने पर दबंगों ने पिता की बेरहमी से पिटाई की
बुलंदशहर।जनपद के पहासू थाना क्षेत्र के कस्बा पहासू में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि एक पिता को अपनी बेटी के साथ हुई छेड़छाड़ की शिकायत करना भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत करने गए पिता को दबंगों ने रास्ते में घेरकर जमकर पीटा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित पिता ने बताया कि उसकी बेटी के साथ कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की थी। जब वह इस मामले की शिकायत करने गया, तो आरोपियों को इसकी जानकारी हो गई। इसी बात से नाराज होकर दबंगों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर में गहरी चोट आई।
घटना के बाद घायल पिता किसी तरह पहासू थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी आपबीती बताई। पुलिस ने उसे प्राथमिक कार्रवाई करते हुए मेडिकल परीक्षण के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया। फिलहाल घायल का उपचार जारी है।
वहीं पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद भी पुलिस ने दबंगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, जिससे परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल है। परिवार का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार धमकी दे रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में दबंगों का आतंक पहले से ही बना हुआ है और इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित पिता ने बताया कि “मैं अपनी बेटी के साथ हुई गलत हरकत की शिकायत करने गया था, लेकिन आरोपियों ने मुझे ही पीट दिया। अब हमें जान का खतरा है।”वहीं पीड़ित के बेटे ने कहा कि “हमारे पिता को बेरहमी से मारा गया है, लेकिन अभी तक आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। हम न्याय की मांग करते हैं।”


No comments:
Post a Comment