गाजियाबाद में स्कूल में घुसा तेंदुआ, एग्जाम कैंसिल

क्लास रूम में नजर आया, आसपास का इलाका सील

गाजियाबाद।गाजियाबाद के एक स्कूल में बुधवार सुबह तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई। परिजनों को मैसेज भेजकर बच्चों को स्कूल न भेजने को कहा गया। 100 से ज्यादा बच्चों की परीक्षा कैंसिल कर दी गई।
स्कूल के सीसीटीवी में बुधवार सुबह 6.45 बजे तेंदुआ परिसर के अंदर बने पार्क में टहलता दिखाई दिया। फिर वह एक कमरे के अंदर चला गया। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत ही वन विभाग को घटना की जानकारी दी। टीम तुरंत ही मौके पर पहुंची। तेंदुए को पकड़ने के लिए स्कूल की बाउंड्री पर जाल बिछा दिया है। फिलहाल तेंदुआ स्कूल के अंदर ही है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके को सील कर दिया है। 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को इलाके में तैनात किया गया है। बैरिकेडिंग कर स्कूल के सामने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है। किसी भी वाहन या व्यक्ति को स्कूल के आसपास आने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
गनीमत रही कि सुबह का वक्त होने की वजह से स्कूल खाली था। ड्यूटी पर आते वक्त सिक्योरिटी इंचार्ज ने मोबाइल पर सीसीटीवी चेक करते वक्त तेंदुआ देखा। उसने तुरंत ही स्कूल प्रबंधन और वन विभाग को वीडियो भेजा। घटना गोविंदपुरम इलाके के सीबीएसई बोर्ड का ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल का है।
सीसीटीवी चेक करने पर पता चला कि तेंदुआ सुबह 5 बजे से ही स्कूल के आसपास सड़कों पर टहल रहा था। वन विभाग की टीम कविनगर थाना पुलिस के साथ सर्च ऑपरेशन चला रही है। लोगों को इलाके से दूर रखने का प्रयास कर रही है।
स्कूल के पास वनकर्मी और स्नाइपर साथ में तैनात हैं। तेंदुए को पकड़ने और भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिए सतर्क निगरानी कर रहे हैं। स्कूल के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए हैं, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
स्कूल में दूसरी मंजिल पर पहुंची डीएफओ
डीएफओ ईशा तिवारी स्कूल की सेकंड मंजिल पर खुद वन विभाग की टीम के साथ पहुंच गई हैं। तेंदुए को पकड़ने की कार्रवाई जारी है। तेंदुआ रेस्क्यू के लिए मेरठ से एक टीम भी मौके पर पहुंची है। स्कूल की पूरी बाउंड्री को जाल से ढककर सुरक्षित किया जा रहा है। इसके बाद वन विभाग की टीम स्कूल के अंदर ड्रोन उड़ाकर तेंदुए का पैदा लगाएगी।
एसीपी कवि नगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि अलग-अलग कट पर बैरियर लगाकर वन वे व्यवस्था की गई है, ताकि यातायात बाधित न हो। उन्होंने कहा कि स्कूल वाली साइड किसी भी व्यक्ति या वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts