दुष्कर्म का विरोध करने पर की गयी थी होटल संचालिका की हत्या
पुलिस गुत्थी सुलझाते चार आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुचाया
मेरठ। गत 21 फरवरी को भवानी फार्म हाउस के पास खेत में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। महिला की हत्या उसके साथियों ने दुष्कर्म का विरोध करने पर की थी।
एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया पुलिस जांच में मृतका की पहचान अदिति अरोड़ा के रूप में हुई, जो एक होटल की संचालक थी। घटना के दिन वह अपने साथियों के साथ थी। आरोप है कि होटल में ही काम करने वाले उसके साथियों ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला की हत्या कर दी।
हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने शव के चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने की कोशिश की। इसके बाद शव को मेरठ-बिजनौर हाईवे स्थित भवानी फार्म हाउस के पास खेत में फेंक दिया गया था।घटना का खुलासा करने के लिए मवाना पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस घटना में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार नंबर UP15-DN-5634 तक पहुंची। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरसुख उर्फ अरविंद उर्फ मोनू (निवासी ग्राम जोहड़ी, बागपत), संदीप उर्फ सिद्धु उर्फ राहुल (प्रह्लाद नगर, मेरठ), चंचल कुमार उर्फ बिट्टू (देवपुरी, मेरठ) और विवेक उर्फ काका (टीपीनगर, मेरठ) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार, एक केबल और एक खाली बोतल बरामद की है।
एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

No comments:
Post a Comment