बीसीए छात्र गिरफ्तार:इंस्टाग्राम-यूट्यूब अकाउंट बेचने के नाम पर ठगी
मेरठ। सोशल मीडिया अकाउंट बेचने के नाम पर ठगी करने वाले एक बीसीए छात्र को गिरफ्तार किया गया है। भावनपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी के पास से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने पुलिस लाइन में बताया कि 25 फरवरी को इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई थी। जांच में पता चला कि ठगी में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल भावनपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय है।
इसके बाद भावनपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए भावनपुर निवासी आरोपी ऋषभ खारी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ऋषभ खारी ने बताया कि करीब दो साल पहले उसके मन में सोशल मीडिया के जरिए पैसे कमाने का विचार आया था। उसने इंस्टाग्राम आईडी और यूट्यूब चैनल बेचने के नाम पर स्टेटस लगाकर लोगों से संपर्क करना शुरू किया।जब कोई व्यक्ति उससे संपर्क करता, तो वह अलग-अलग दरें बताकर अपने क्यूआर कोड पर अग्रिम भुगतान मंगवाता था। भुगतान मिलने के बाद वह उस नंबर को बंद कर देता था।आरोपी ने यह भी बताया कि उसने Pinterest जैसी वेबसाइट से फर्जी आधार और पैन कार्ड डाउनलोड कर उनका इस्तेमाल किया। इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के जरिए वह करीब एक साल से लोगों को ठग रहा था।अब तक वह 25 से 30 लोगों से 3 से 4 लाख रुपये की ठगी कर चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की ऑनलाइन खरीद-फरोख्त करते समय सतर्क रहें।

No comments:
Post a Comment