जमीन दिलाने के नाम पर जीएसटी कमिश्नर के भाई से 30 लाख की ठगी

चेक बाउंस होने पर खुलासा, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज 

 मेरठ। रोहटा क्षेत्र में सस्ती जमीन दिलाने का लालच देकर जीएसटी कमिश्नर के भाई से 30 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि पैसे लौटाने के बजाय आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है।

 गांव डूंगर निवासी वीर सिंह जीएसटी विभाग से कमिश्नर पद से सेवानिवृत्त हैं। उनके छोटे भाई मुकेश वर्मा जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। करीब दो साल पहले गांव लाहौरगढ़ निवासी धर्मेंद्र त्यागी उर्फ धर्मा मुकेश के पास आया और कलीना गांव में 25 बीघा जमीन का सौदा होने की बात कही। उसने जल्द मोटा मुनाफा होने का भरोसा दिलाकर मुकेश को निवेश के लिए तैयार कर लिया।

मुनाफे के लालच में मुकेश ने धर्मा के खाते में तीन बार में कुल 30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जमीन का बैनामा एक साल के भीतर करने की बात तय हुई थी।समय आने पर धर्मा ने कहा कि जमीन का बैनामा उसके नाम होगा। इस पर मुकेश ने आपत्ति जताई और दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर पूर्व विधायक जितेंद्र सतवाई और अन्य लोगों की मौजूदगी में धर्मा ने रकम लौटाने का लिखित वादा किया और चार माह बाद की तारीख का 30 लाख रुपये का चेक दिया।

15 दिसंबर को जब मुकेश ने चेक बैंक में लगाया, तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद उन्होंने एसएसपी से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर धर्मेंद्र त्यागी उर्फ धर्मा के खिलाफ ठगी का केस दर्ज किया गया है।

सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि धर्मेंद्र त्यागी के खिलाफ पहले भी जालसाजी का मामला दर्ज है। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts