प्रताड़ना से क्षुब्ध बी एल ओ ने जहर खाकर दी जान देने की कोशिश
वार्ड 57 में बीएलओ से बदसलूकी का आरोप
गंभीर अवस्था में हॉस्पिटल में भर्ती
मेरठ। एसआईआर पत्रों के कार्य को लेकर प्रदेशभर में बीएलओ को प्रताड़ित किए जाने की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। मंगलवार को पल्लवपुरम क्षेत्र में ऐसी ही एक गंभीर घटना सामने आई, जहां वार्ड 57 में तैनात बीएलओ ने कथित प्रताड़ना से आहत होकर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। मामले ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया।
थाना भावनपुर क्षेत्र के मुरलीपुर निवासी मोहित कुमार पुत्र सुदेश कुमार सिंचाई विभाग में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। हाल ही में मोहित कुमार की ड्यूटी पल्लवपुरम के वार्ड 57 में बीएलओ के रूप में लगाई गई थी। परिजनों के मुताबिक, मोहित पिछले कई दिनों से एसआईआर फॉर्म तैयार करने के दबाव में थे और कार्य पूरा न होने पर उन्हें अधिकारियों द्वारा बार-बार फटकार और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार को भी उनके वरिष्ठ अधिकारी आशीष शर्मा ने काम में देरी को लेकर मोहित को कड़ी फटकार लगाई। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया। वहीं, मानसिक दबाव से टूट चुके मोहित कुमार ने देर शाम जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया।
मोहित की गंभीर हालत देख परिजन उन्हें तुरंत पल्लवपुरम स्थित अपोलो हॉस्पिटल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ के लोकप्रिय अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात तक उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कई अधिकारी रात में ही अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी जुटाई।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों की प्रताड़ना ने ही मोहित को यह कदम उठाने पर मजबूर किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट तलब कर रहे हैं। घटना ने एक बार फिर बीएलओ कार्यप्रणाली और उन पर बढ़ते दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


No comments:
Post a Comment