प्रभावी होंगे रेस्क्यू ऑपरेशन
राजीव त्यागी
एसडीआरएफ की पांच योजनाएं आपदा में हाईटेक कवच का काम करेंगी। एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ये योजनाएं तैयार की हैं। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं के मद्देनजर एसडीआरएफ द्वारा तकनीकी नवाचारों से सशक्त बनाने की दिशा में ये योजनाएं तैयार की गई हैं। इनमें कुछ प्रस्ताव सरकार को मंजूरी के लिए भेजे गए हैं।
एसडीआरएफ ड्रोन तकनीक से वास्तविक समय आकलन और बचाव, आपदा के दौरान तत्काल चिकित्सा सुविधा, आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित बचाव दल, तत्काल राहत एवं पुनर्वास के लिए डिजिटल रजिस्टर तथा एआई आधारित मोबाइल एप्लिकेशन पर काम कर रहा है। इसके अतिरिक्त 70 हजार लोगों को एसडीआरएफ आपदा से लडऩे के लिए तैयार कर रही है। कांगड़ा से प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हुई है।
इन स्वयंसेवियों को आपदा प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि किसी भी स्थिति में नुकसान को कम किया जा सके। एसडीआरएफ के अधिकारियों की मानें तो आपदा में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए काम किया जा रहा है, जिसमें ये योजनाएं शामिल है। एआई से संचालित मोबाइल ऐप आपदा चेतावनी और राहत कार्यों को तेज करने के लिए विकसित किया गया है। एसडीआरएफ द्वारा इसका उपयोग मणीमहेश यात्रा के दौरान किया गया, जो काफी हद तक सफल भी रहा। अब एसडीआरएफ इसे और प्रभावी बनाने के लिए काम कर रही है। नई योजना के तहत बचाव दलों को इन्फ्लेटेबल नावें, एमर्जेंसी लाइटिंग टावर और थर्मल इमेजिंग ड्रोन से लैस किया गया है। इनसे रात्रिकालीन अभियानों में 500 मीटर तक रोशनी और जल्दी बचाव संभव हो रहा है।
एसडी आरएफ के लिए 12 करोड़ रुपए की राशि सुरक्षा उपकरणों को खरीदने के लिए स्वीकृत हुई है। एसडीआरएफ ने एनडीआरएफ की तर्ज पर एसडीआरआर स्टोर स्थापित करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा है। आपदाओं के दौरान मेडिकल रिसपांस टीमों को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में काम किया जा रहा है । इसलिए लिए एसडीआरएफ में एक समर्पित मेडिक्स टीम तैयार करने की योजना बनाई गई है।
ड्रोन तकनीक का उपयोग आपदा प्रभावित क्षेत्रों का त्वरित आकलन और फंसे लोगों का पता लगाने के लिए कि या जा रहा है। आपदा में ड्रोन के माध्यम में दवाइयां भी प्रभावितों तक पंहुचाई गई। इस योजना के तहत चार ड्रोन स्टेशन स्थापित किए गए हैं। 2024-25 में 243 युवाओं को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे हवाई निरीक्षण और दवा व खाद्य आपूर्ति में 40 प्रतिशत तेजी आई है।





No comments:
Post a Comment