सत्ताधारियों ने किया बिहार का शोषणः राहुल गांधी
कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में जुटे कांग्रेसी दिग्गज
पटना (एजेंसी)।पटना में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक के दौरान राहुल गांधी ने बिहार के हालात को लेकर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से लगातार बिहार की जनता के साथ अन्याय और शोषण हुआ है। केंद्र और राज्य में बैठे सत्ताधारियों ने इस राज्य की संभावनाओं को कुचल दिया, जबकि यहां के लोग मेहनतकश और प्रतिभाशाली हैं।
राजधानी पटना के सदाकत आश्रम परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ बैठक की शुरुआत हुई। गगनभेदी नारों और कार्यकर्ताओं के उत्साहपूर्ण स्वागत के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और बड़ी संख्या में केंद्रीय व राज्य स्तरीय नेता मौजूद रहे। हालांकि प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी का पटना दौरा रद हो गया है।
बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि वर्षों से बिहार को योजनाबद्ध तरीके से उपेक्षित किया गया। किसान और मजदूर मजबूरी में पलायन कर रहे हैं, युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे नेताओं ने केवल अपने परिवार और करीबी लोगों का विकास किया, जबकि गरीब जनता को गरीबी और बेरोजगारी के दलदल में छोड़ दिया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार में अपार प्राकृतिक और मानवीय संसाधन हैं। यहां की मिट्टी, यहां का श्रम और यहां के लोग देश को नई ऊंचाई तक ले जाने की क्षमता रखते हैं, लेकिन इसके बावजूद आज बिहार को देश के सबसे पिछड़े राज्यों की सूची में खड़ा कर दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की सरकार आने पर बिहार को उसका अधिकार और न्याय मिलेगा। उन्होंने देश के अलग अलग हिस्सों में बाढ़ को लेकर केंद्र की नीतियों पर भी सवाल उठाए। साथ कि जाति जनगणना की आवश्यकता पर भी बल दिया।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बिहार की डबल इंजन सरकार में अब इंजन धुआं फेक रहा है। पिस्टन खराब हो चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शतायु और दीर्घायु होने की दुआ करते हुए कहा कि हम चाहते हैं, उन्हें लंबी आयु मिले, परंतु भाजपा उनके साथ साजिश कर रही है। बघेल सीडब्ल्यूसी की बैठक की जानकारी देने के लिए सदाकत आश्रम में प्रेस प्रतिनिधियों से बात कर रहे थे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर हमारी मुसीबतें मोदी और उनकी सरकार की नाकामी और उनकी कूटनीतिक विफलता का नतीजा है। पटना में हो रही सीडब्ल्यूसी की यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि हम ऐसे समय में मिल रहे हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय, दोनो स्तरों पर भारत एक बेहद चुनौतीपूर्ण और चिंताजनक दौर से गुजर रहा है। खरगे आज सदाकत आश्रम में सीडब्ल्यूसी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सदाकत आश्रम स्वाधीनता आंदोलन का केंद्र बिंदु था। 1921 में स्थापित कांग्रेस का यह ऐतिहासिक दफ्तर पार्टी के अनेकों महान नेताओं की कर्मस्थली रहा है। मैं आज उन्हें भी विशेष श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। पीएम मोदी पर हमलावर होते हुए खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री जिनको “मेरे दोस्त” बताकर ढिंढोरा पीटते हैं, वही दोस्त आज भारत को अनेकों संकट में डाल रहे हैं। आज जब हमारी वोटर लिस्ट से आधिकारिक रूप से छेड़छाड़ की जा रही है। आवश्यक है कि हम लोकतंत्र की जननी बिहार में अपनी मीटिंग आयोजित करके इस देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाए रखने के अपनी प्रतिज्ञा को पुनः दोहराए ।
खरगे ने कहा कि महात्मा गांधी का 100 साल पुराना दिया गया ‘स्वदेशी का मंत्र’ जिसे कांग्रेस ने अंग्रेज़ों को परास्त करने के लिए इस्तेमाल किया, मोदी जी को आज याद रहा है। दूसरी तरफ़ चीन के लिए रेड कारपेट सरेआम बिछाए जाते हैं। पिछले 5 वर्षों में चीन से हमारा आयात दो गुना बढ़ गया है। आज हमारा देश कई समस्याओं से जूझ रहा है। ये समस्याएं आर्थिक मंदी, बेरोजगारी, सामाजिक ध्रुवीकरण और स्वायत्त संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर कमजोर किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment