आध्यात्मिक गुरु पर छात्राओं के यौन शोषण का आरोप

 शारदा इंस्टीट्यूट की दर्जनों छात्राओं ने दर्ज कराए बयान
नई दिल्ली (एजेंसी)।दिल्ली के श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट के पूर्व चीफ स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर 17 स्टूडेंट्स से यौन शोषण के आरोपों का बुधवार को खुलासा हुआ। छात्राएं इंस्टीट्यूट में ईडब्लूएस स्कॉलरशिप के तहत मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कर रही हैं। चैतन्यानंद पर उनसे गंदी बातें करने, अश्लील मैसेज भेजने और जबरन छूने का आरोप है।
चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी के खिलाफ 4 अगस्त को वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। तब वह इंस्टीट्यूट का प्रमुख था। उसे 9 अगस्त को पद से हटाकर निष्कासित किया गया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से चैतन्यानंद फरार है। पुलिस को यूपी के आगरा में उसकी लोकेशन मिली है। दिल्ली पुलिस ने शारदा इंस्टीट्यूट के बेसमेंट से चैतन्यानंद की एक वॉल्वो कार जब्त की है।
पार्थ सारथी के साथ साथ इंस्टीट्यूट की फैकल्टी और प्रशासनिक स्टाफ पर भी छात्राओं पर दबाव बनाने का आरोप है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 75(2)/79/351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान, श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट के बेसमेंट में एक वॉल्वो कार खड़ी मिली। पता चला कि फर्जी राजनयिक नंबर प्लेट 39 यूएन 1 वाली कार स्वामी चैतन्यानंद इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने कार जब्त कर ली।
आरोपी के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज
बता दें कि स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2009 में, उसके खिलाफ दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी में धोखाधड़ी और छेड़छाड़ का एक मामला दर्ज किया गया था। 2016 में, वसंत कुंज में एक महिला ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts