निगम की नई गृह कर पॉलिसी को लेकर कांग्रेस का नगर निगम पर 'हल्ला बोल'
कांग्रेसियों और पुलिस के बीच तीखी नोक झोंक
मेरठ। नगर निगम की नई गृह कर पॉलिसी तथा कई अन्य जन समस्याओं के खिलाफ महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को नगर निगम पर हल्ला बोल दिया। पार्टी के महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नगर निगम पहुंचे और नगर आयुक्त का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को रोकने के लिए पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोंक झोंक भी हुई।
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उस समय जोरदार हंगामा कर दिया जब उन्हें टाउन हॉल स्थित नगर आयुक्त का कार्यालय बंद मिला। कार्यालय पर ताला लटका देख भड़के कांग्रेसी वहीं धरने पर बैठ गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शन कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा और पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश काजला ने कहा कि आंदोलन की पूर्व सूचना के बावजूद किसी भी अधिकारी का कार्यालय पर न मिलना इस बात का सुबूत है कि निगम अधिकारी अपनी जिम्मेदारी के प्रति पूरी तरह से लापरवाह हैं। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ता टाउन हॉल से नारेबाजी करते हुए नगर निगम पहुंच गए जहां पहले से मौजूद पुलिस फोर्स के साथ उनकी तीखी नोंकझोंक भी हुई। वहां मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन दिलवाना चाहते थे लेकिन प्रदर्शनकारी नगरायुक्त को ही ज्ञापन सौंपने पर अड़े हुए थे।
बाद में प्रदर्शनकारियों ने नगर आयुक्त को ही ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नगर आयुक्त से बढ़े हुए गृह कर को लेकर सीधी बात की। रंजन शर्मा ने कहा कि जो हाउस टैक्स पॉलिसी जनता पर थोपी गई है उसे फौरन वापस लिया जाए। अवनीश काजला ने कहा कि टैक्स निर्धारण प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है, इसलिए इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान प्रवक्ता हरिकिशन अंबेडकर, कपिल पाल, जाहिद अंसारी, सलीम खान, धूम सिंह गुर्जर, मोहिउद्दीन अहमद गुड्डू, सलीमुद्दीन शाह, सलीम पठान, रविंद्र सिंह, संजय कटारिया, कमल जायसवाल, राज केसरी, अनिल अरोड़ा, रीना शर्मा, बबली देवी, राहिला खान और सुनीता सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।
कांग्रेस की प्रमुख मांगे -
➡ हाउस टैक्स में की गई वृद्धि को तुरंत वापस लिया जाए।
➡ कन्हा गौशाला में हुई गोहत्या की न्यायिक जांच हो।
➡ गौशाला में हुए चारा घोटाले की भी स्वतंत्र जांच कराई जाए।
➡ गौशालाओं के लिए जन निगरानी समिति का गठन किया जाए।
No comments:
Post a Comment