कृषि विवि में शोध, शिक्षा और प्रसार में चौमुखी विकास: डॉ. के.के. सिंह

 मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में हुई समीक्षा बैठक में बताया गया कि तीन वर्षों में शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। कुलपति डॉ. के.के. सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की तकनीकी जानकारी सफलतापूर्वक किसानों के खेत-खलिहानों तक पहुंच रही है।

एक समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप तकनीकी परियोजनाएं बनाकर किसानों की आय बढ़ाने पर बल देना होगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता युक्त और व्यवहारिक परियोजनाओं को सरकार वित्तीय सहायता देगी। साथ ही वैज्ञानिकों से नई प्रजातियों के विकास, शोधपत्र प्रकाशन और पेटेंट पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

उप महानिदेशक डॉ. राज ऋषि गौर ने बायोटेक्नोलॉजी आधारित परियोजनाओं को बढ़ावा देने की बात कही, वहीं डॉ.परविंदर सिंह ने वैज्ञानिकों को उच्चस्तरीय शोध पत्रों के प्रकाशन के लिए प्रेरित किया। निदेशक शोध डॉ. कमल खिलाड़ी ने चल रही परियोजनाओं की जानकारी दी और निदेशक प्रसार डॉ. पी.के. सिंह ने किसानों के बीच किए जा रहे विस्तार कार्यों की प्रस्तुति दी। प्रो. डी.वी. सिंह ने शैक्षणिक उपलब्धियों को रेखांकित किया। बैठक में परियोजना अन्वेषक, विभागाध्यक्ष और शिक्षक उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय में छात्रों के प्लेसमेंट में हो रही वृद्धि पर भी संतोष व्यक्त किया गया, जिससे संस्थान की साख में भी इजाफा हुआ है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts