घरेलू विवाद में चाची का कान काटा, दादी का हाथ तोड़ा, एक गिरफ्तार, बाकी फरार
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के इटायरा गांव में दो भाइयों के परिवारों के बीच हुए घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान बड़े भाई के बेटे अर्जुन ने चाची सुनीता का कान दांतों से काटकर अलग कर दिया और 75 वर्षीय दादी शकुंतला का लोहे की रॉड से हाथ तोड़ दिया। मारपीट में कई लोग घायल हुए।
पुलिस ने घायल सुनीता और शकुंतला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सुनीता को गंभीर हालत के चलते मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
इटायरा गांव निवासी राजकुमार ने परतापुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके पिता की मृत्यु के बाद उनकी मां शकुंतला (75) उनके साथ रहती हैं। उनके बड़े भाई जयचंद का परिवार उनके साथ पुरानी रंजिश रखता है। रविवार रात जयचंद के बेटे अर्जुन, पोते तरुण, अर्जुन की पत्नी इंद्रेश और बेटी ऋषिका ने मिलकर शकुंतला पर हमला किया।
बीच-बचाव करने आए राजकुमार के बेटे प्रियांशु और पत्नी सुनीता पर भी हमला किया गया। अर्जुन ने सुनीता का कान दांतों से काटकर अलग कर दिया, जबकि शकुंतला का हाथ लोहे की रॉड से तोड़ दिया। प्रियांशु को भी चोटें आईं। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए।
सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर अर्जुन, तरुण, इंद्रेश और ऋषिका के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अर्जुन को हिरासत में ले लिया गया है, और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घायलों का इलाज चल रहा है।
No comments:
Post a Comment