जेपी ग्रुप पर 15 करोड़ की जमीन हड़पने का आरोप
मेरठ पुलिस ने जेसीबी-ट्रैक्टर जब्त किए, महिला की है पैतृक जमीन
मेरठ। मवाना रोड़ जेपी ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के मालिकों पर करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप लगा है। गाजियाबाद की रहने वाली अनीता ने जेपी ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन के मालिक अनुराग अग्रवाल, विशाल अग्रवाल और हरिओम अग्रवाल पर उनकी पैतृक जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है।
गंगानगर क्षेत्र के सालारपुर जलालपुर में स्थित लगभग 9.5 बीघा जमीन की बाजार कीमत 12 से 15 करोड़ रुपए आंकी गई है। अनीता के अनुसार, यह जमीन उनकी मां ईलम कौर ने मृत्यु से पहले वसीयत में उन्हें दी थी। कोर्ट के आदेश के बाद जमीन की रजिस्ट्री भी अनीता के नाम हो चुकी है। उनका कहना है कि पैतृक संपत्ति से लगाव हैं। वो मां की जमीन पर कब्ज़ा नहीं होने देंगी।
पुलिस ने जेसीबी और ट्रैक्टर को कब्जे में लिया, जांच शुरू
गुरुवार रात को आरोपियों ने दो जेसीबी और एक ट्रैक्टर के साथ 40-50 युवकों के साथ जमीन पर तारबंदी करने का प्रयास किया। अनीता की सूचना पर एसएसपी डॉ विपिन ताडा के निर्देश पर थाना गंगानगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी और ट्रैक्टर को हिरासत में ले लिया। संबंधित प्रभारी का कहना है कि यह वाहन किराए पर लिए गए थे। किसने किराए पर लिए इसकी जांच की जा रही है।
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी के साथ अनीता ने एसएसपी मेरठ, जिलाधिकारी और एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। अनीता ने यह भी बताया कि उनके भाई अनिल ने वर्ष 2024 में उनकी मां की हत्या कर दी थी, जिसके लिए वह जेल भी जा चुका है।
अंकुश चौधरी का कहना है कि जेपी ग्रुप पर पूर्व में भी जमीन कब्जाने के आरोप लग चुके हैं। कुछ और पीड़ितों ने उनसे संपर्क किया है। यदि इस प्रकरण में कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो वह जेपी ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों को कहना है कि मामले की जांच के बाद निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment