जनता की समस्याओं का समाधान शीर्ष प्राथमिकता - डीएम मेधा रूपम
गौतमबुद्धनगर की नई डीएम पदभार ग्रहण किया
नोएडा। गौतमबुद्धनगर जिले की नवागंतुक जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बुधवार को सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर, ग्रेटर नोएडा में विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान डीएम मनीष कुमार वर्मा ने उन्हें चार्ज सौंपा और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। मेधा रूपम, 2014 बैच की आईएएस अधिकारी, जिले की पहली महिला डीएम हैं और इससे पहले कासगंज की डीएम रह चुकी हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद डीएम मेधा रूपम ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ संक्षिप्त परिचय बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले के प्रशासनिक कार्यों की प्राथमिकताओं पर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "जिले में सुशासन, पारदर्शिता और जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। जनता की समस्याओं का समाधान शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।"
जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का संकल्प
मेधा रूपम ने उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य है कि शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे।"
निवर्तमान डीएम का विदाई संदेश
निवर्तमान डीएम मनीष कुमार वर्मा, जिन्हें अब प्रयागराज का डीएम नियुक्त किया गया है, ने मेधा रूपम को बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। मनीष वर्मा के ढाई साल के कार्यकाल में जिले में कई विकास परियोजनाओं को गति मिली थी।उपस्थित अधिकारीगण
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी (भू/अ) बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) भैरपाल सिंह, मुख्य वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता, उप जिलाधिकारी जेवर अभय सिंह, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी सदर चारुल यादव, सिटी मजिस्ट्रेट विवेक भदोरिया, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक शाही, दुर्गेश सिंह, तहसीलदारगण और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।जिले में नई उम्मीदें
मेधा रूपम के नेतृत्व में गौतमबुद्धनगर में विकास कार्यों को नई गति और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद की जा रही है। उनकी नियुक्ति को लेकर जिले के लोगों और अधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
No comments:
Post a Comment