राहत हाइवे पर वाहन का आवागमन शुरू
सिवाया टोल के निकट सड़क के दोनों ओर फर्राटा भरते वाहन
मेरठ। कांवड़ यात्रा के चलते हाइवे पर भारी व हल्के वाहनों पर लगे प्रतिबंध को जलाभिषेक के बाद हटा लिया गया। प्रतिबंध हटते हुए हाइवे पर छोटे बड़े वाहन फर्राटा मारते नजर आए। वहीं वाहनों के आवागमन होने से टोल प्लाजा वालों ने राहत की सांस ली है। प्रति दिन टोल फ्री होने से 25 से 30 लाख का नुकसान हो रहा था।
चंद घंटे पहले तक जिन सड़कों पर पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा था, वह अब खाली दिख रही हैं। शहर से लेकर हाइवे तक सड़क के दोनों तरफ वाहन दौड़ रहे हैं। उधर, सिवाया टोल पर भी 6 लेन शुरू कर दी गई है। अब अगर कोई चार पहिया वाहन हरिद्वार की तरफ बढ़ता है तो उसे पहले टोल टैक्स चुकाना होगा। शाम 6 बजे के बाद शेष छह लेन भी शुरू हो जाएगी, ऐसी जानकारी मिल रही है।
कावड़ यात्रा के चलते शहर के रास्तों पर बैरिकेडिंग करते हुए टू वे की व्यवस्था बनाई गई थी, जिसके जरिए वाहनों का आवागमन हो रहा था। यह पहला मौका था जब हाईवे पर भी वाहनों पर पाबंदी नहीं लगाई गई थी। लोगों ने भी इससे काफी हद तक राहत महसूस की। शहर से हाइवे तक की सड़कें दो हिस्सों में बाट दी गईं थीं। एक तरफ का रास्ता पूरी तरह हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों के लिए छोड़ गया था।
सुबह 4 बजे खोल दिया गया हाईवे
मंगलवार आधी रात तक हाईवे से लेकर शहर के भीतर सड़कों पर कांवड़ियों का सैलाब दिखाई दिया। जैसे-जैसे दिन निकलता गया, वैसे-वैसे कांवड़ियों की संख्या घटती चली गई। इसके चलते हाईवे को सुबह ही दोनों तरफ से खोल दिया गया। दोपहर तक हाईवे की स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गईं।
शहर के भीतर भी खोल दिए रास्ते
शहर के भीतर भी दोपहर 12 बजे के बाद सड़के सामान्य होनी शुरू हो गई। यहां जगह-जगह लोगों ने अपने आप ही डिवाइडर के कट खोल दिए। कुछ जगह जल भराव के कारण वाहन रॉन्ग साइड में चलते जरूर दिखाई दिए लेकिन जैसे ही सड़कों पर भरा पानी खत्म हुआ, वह अपनी साइड यानि बाये तरफ चलने शुरू हो गए।
सड़कों पर एक चौथाई बचा स्टाफ
हाईवे और शहर के भीतर से जलाभिषेक को देखते हुए औघड़नाथ मंदिर पर फोर्स को शिफ्ट कर दिया गया। करीब आधे से ज्यादा पॉइंट खाली हो गए। जिन पॉइंट पर संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स लगाया गया था, उस फोर्स को भी दोपहर तक वहां से हटा लिया गया। इक्का दुक्का सिपाही ही इन पॉइंट पर ड्यूटी देते दिखाई दिए।
धीरे-धीरे व्यवस्था होगी सामान्य...
एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा का कहना है कि हाईवे सुबह ही खाली हो गया था, जिसके बाद वहां की ट्रैफिक व्यवस्था भी सामान्य होने लगी। शहर के भीतर भी जल्द ट्रैफिक पहले की तरह दिखाई देगा। एहतियात के तौर पर अभी कुछ पॉइंट पर ड्यूटी लगाई गई है।
No comments:
Post a Comment