लखनऊ में सीएम आवास पर भाजपा नेताओं की बैठक
प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति और मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा तेज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर संगठन के भीतर बैठकों का दौर तेज हो गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर हुई एक अहम बैठक ने इन अटकलों को और पुख्ता कर दिया है। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने हिस्सा लिया।
सूत्रों के अनुसार, यह बैठक दिन में हुई और लगभग आधे घंटे चली। इसमें नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति और संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर गंभीर चर्चा हुई। बैठक के बाद दोनों नेता पार्टी कार्यालय लौट गए। सूत्रों ने यह भी बताया कि इस बैठक के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मंगलवार को दिल्ली रवाना होंगे। संभावना है कि संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह भी उनके साथ होंगे। माना जा रहा है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा के बाद उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष के चयन की तस्वीर साफ हो सकती है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिन पहले ही दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर चुके हैं। उस मुलाकात के तुरंत बाद लखनऊ में हुई यह बैठक और फिर नेताओं का दिल्ली दौरा संगठनात्मक फेरबदल की पृष्ठभूमि को और मजबूत करता है।
प्रदेश अध्यक्ष पद की रेस में कई नामों की चर्चा है, लेकिन सबसे मजबूत दावेदारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मानी जा रही है। इसी बीच हरियाली तीज के अवसर पर लखनऊ में एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई जिसमें भूपेंद्र चौधरी, केशव मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और उनकी पत्नी एक साथ दिखे। इस तस्वीर को लेकर भी राजनीतिक हलकों में कयासबाज़ी तेज है।
भाजपा के अंदरूनी हलचलों से संकेत मिल रहे हैं कि यह सप्ताह उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए निर्णायक हो सकता है। प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियों की संभावना भी बल पकड़ रही है।
No comments:
Post a Comment