रूस में 30 बार महसूस किए गए भूकंप के झटके
सुनामी की चेतावनी के बाद प्रशांत क्षेत्र में इमरजेंसी लागू
कमचटका प्रायद्वीप में आया 8.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप1952 के बाद इस क्षेत्र का सबसे ताकतवर भूकंप है।
नई दिल्ली (एजेंसी)।रूस के सुदूर पूर्वी कमचटका प्रायद्वीप के तट पर बुधवार को 8.8 तीव्रता का भीषण भूकंप आया। इस भूकंप ने प्रशांत क्षेत्र में हलचल मचा दी। भूकंप इतना शक्तिशाली था कि कई देशों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। अमेरिका, जापान, न्यूज़ीलैंड, फिलीपींस, इक्वाडोर और हवाई जैसे क्षेत्रों में समुद्र तटों पर खतरे की घंटी बज रही है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, यह 1952 के बाद इस क्षेत्र का सबसे ताकतवर भूकंप है।
कमचटका के तट पर आज कम से कम छह भूकंप दर्ज किए गए, जिनकी तीव्रता 5.4 से 6.9 के बीच थी। हालांकि, ये सभी उस 8.8 तीव्रता वाले भूकंप से कम शक्तिशाली थे। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने चेतावनी दी है कि रूस और इक्वाडोर के कुछ तटीय इलाकों में 3 मीटर से ऊंची लहरें उठ सकती हैं। प्रशांत महासागर के आसपास के लोगों को सतर्क रहने और ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा गया है।
ट्रंप बोले- जापान भी खतरे में
सुनामी की आहट के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "प्रशांत महासागर में आए भीषण भूकंप के कारण, हवाई में रहने वालों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अलास्का और संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रशांत तट पर सुनामी निगरानी जारी है। जापान भी खतरे में है। मजबूत रहें और सुरक्षित रहें।"
हवाई में सुनामी की चेतावनी के बाद होनोलूलू में सायरन बजाए गए और लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा गया। केंद्र ने बताया कि हवाई, चिली, जापान और सोलोमन द्वीप समूह में 1 से 3 मीटर ऊंची लहरें टकरा सकती हैं।
जापान ने भी टोक्यो खाड़ी सहित कई इलाकों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की है। न्यूज़ीलैंड में आपदा प्रबंधन एजेंसी ने तटीय इलाकों में "असामान्य और तेज़ धाराओं" की चेतावनी दी है, हालांकि अभी वहां निकासी की ज़रूरत नहीं है।
No comments:
Post a Comment