एक लाख के इनामी जीतू ठाकुर को एसटीएफ ने किया ढेर

- मैनपुरी पुलिस और एसटीएफ आगरा की टीम ने मार गिराया
मैनपुरी।
मैनपुरी में एक लाख रुपए के इनामी बदमाश जीतू ठाकुर पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। पुलिस को बदमाश के मूवमेंट की सूचना मिली थी। मंगलवार तड़के 3 बजे पुलिस और आगरा एसटीएफ टीम को तारापुर कट पुलिया के पास जीतू बाइक से जाते हुए दिखाई दिया।
पुलिस ने पीछा कर उसे घेर लिया। इस पर जीतू ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसे लग गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जीतू हाथरस में राशन डीलर की हत्या के मामले में एक साल से फरार था। उस पर हत्या, लूट जैसी गंभीर धाराओं में 13 मुकदमे दर्ज थे। एनकाउंटर स्पॉट से पुलिस ने 32 बोर की अवैध पिस्टल, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
जीतू ठाकुर हाथरस के जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव पहाड़पुर का रहने वाला था। वह राशन डीलर योगेश उपाध्याय हत्याकांड के बाद चर्चा में आया था। राशन डीलर की भाभी विनीता के चुनाव जीतने के बाद दूसरे पक्ष के सोनू पुत्र महेश से उनकी चुनावी रंजिश शुरू हो गई थी।
पिछले साल 13 जून को राशन डीलर योगेश की हत्या कर दी गई थी। उनका शव हाथरस जंक्शन में धौरपुर ओवरब्रिज के नीचे लहूलुहान हालत में मिला था। इस हत्या में जितेंद्र उर्फ जीतू भी शामिल था। पुलिस ने सोनू सहित दो आरोपियों को तीसरे दिन ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन जीतू फरार हो गया था।
पहले पुलिस ने जीतू पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 1 लाख रुपए कर दिया गया था। आठ महीने पहले पुलिस ने उसके घर की कुर्की भी कराई थी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts