कौशांबी में मिट्टी का टीला ढहा, 5 की मौत
- हजारों टन मिट्टी में दब गए, मौेके पर मौत, 4 की हालत गंभीर
कौशांबी।कौशांबी में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी खोदते समय अचानक टीला ढह गया। हादसे में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई। इनमें दो बच्चियां हैं। एक पुरुष समेत 4 गंभीर घायल हैं। सभी घायलों का मंझनपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
मृतकों की पहचान ललिता (35) पत्नी राजेश कुमार, ममता (30) पत्नी अवधेश कुमार, उमा (15) पुत्री मायादीन, कछरई (55) पत्नी छोटे लाल और खुशी (19) पुत्री मूलचंद्र के रूप में हुई है। घायलों में मैना देवी (45) पत्नी राजू, सपना देवी (16) पुत्री भरत लाल, आक्रोश कुमार (35) पुत्र छोटे लाल और लक्ष्मी देवी (35) पत्नी लखन लाल शामिल हैं। घटना को लेकर योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है।
मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने जेसीबी से रेस्क्यू शुरू किया। काफी मशक्क्त के बाद शव को बाहर निकाला गया। हादसा कोखराज थाना क्षेत्र में भरवारी के टीकरडीह गांव का है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार सुबह 6 बजे गांव के 8 लोग घर की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी खोदने टीले पर पहुंचे थे। वे दो घंटे तक टीले को खोदते रहे। मिट्टी का टीला पहले से कमजोर था। सुबह 8 बजे अचानक टीले का एक हिस्सा धंस गया। कई टन मिट्टी आकर गिर गई। वहां मौजूद सभी नीचे दब गए। चीख-पुकार मच गई।
आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां मिट्टी में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। हालांकि, मिट्टी इतनी ज्यादा थी कि वह बाहर नहीं निकाल पाए। 15 मिनट के बाद एक शव निकाला गया। इसके बाद 20 मिनट के अंदर बाकी लोगों को निकाला गया।
हादसे की सूचना पर भरवारी चौकी प्रभारी धीरेंद्र राय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर रेस्क्यू शुरू किया। एंबुलेंस आधे घंटे देरी से पहुंची। 2 घंटे बाद तक कोई सीनियर अफसर नहीं पहुंचा। करीब 10 बजे एसडीएम सिराथू अरुण कुमार पहुंचे। इसे लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने बताया कि टीला पहले से कमजोर था। दरारें दिखने के बावजूद मिट्टी खोदने का कार्य लगातार चल रहा था। हादसे के बाद अब प्रशासन ने इलाके के अन्य टीलों की जांच कराने और मिट्टी खोदने पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
No comments:
Post a Comment